JDU Meeting: ललन सिंह ने JDU अध्यक्ष पद से दिया इस्तीफा! नीतीश कुमार ने संभाली पार्टी की कमान

JDU Meeting: शुक्रवार सुबह JDU के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह ऊर्फ ललन सिंह एक कार में बैठकर पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारिणी एवं राष्ट्रीय परिषद की बैठक के लिए कॉन्स्टीट्यूशन क्लब पहुंचे। बैठक से पहले समर्थकों ने नीतीश कुमार के पक्ष में नारे लगाए। JDU कार्यकर्ताओं को 'नीतीश कुमार जिंदाबाद'... 'नीतीश कुमार देश के प्रधानमंत्री बनें' के नारे लगाते देखा गया

अपडेटेड Dec 29, 2023 पर 12:57 PM
दिल्ली में आज (29 दिसंबर) JDU की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक हो रही है

JDU National Council Meeting in Delhi: बिहार की सियासत से बड़ी खबर सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, JDU के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह ऊर्फ ललन सिंह ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कॉन्स्टीट्यूशन क्लब में बिहार में सत्ताधारी जनता दल यूनाइटेड (JDU) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक हो रही है। सूत्रों के मुताबिक, सिंह JDU अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) अब पार्टी की कमान संभालेंगे। बताया जा रहा है कि इसकी आखिकारिक घोषणा शुक्रवार शाम पांच बजे होगी। वरिष्ठ पार्टी नेता के सी त्यागी ने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को जनता दल (यूनाइटेड) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में पार्टी का अध्यक्ष चुना गया है।

शुक्रवार सुबह JDU के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह ऊर्फ ललन सिंह एक कार में बैठकर पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारिणी एवं राष्ट्रीय परिषद की बैठक के लिए कॉन्स्टीट्यूशन क्लब पहुंचे। बैठक से पहले समर्थकों ने नीतीश कुमार के पक्ष में नारे लगाए। JDU कार्यकर्ताओं को 'नीतीश कुमार जिंदाबाद'... 'नीतीश कुमार देश के प्रधानमंत्री बनें' के नारे लगाते देखा गया।

इस्तीफे की कई दिनों से आ रही थी इस्तीफे की खबर


दरअसल, पिछले कुछ दिनों से मीडिया के एक वर्ग में अटकलें लगाई जा रही थी कि ललन सिंह को सहयोगी राष्ट्रीय जनता दल (RJD) से कथित निकटता के कारण अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के लिए कहा जा सकता है। मीडिया में यह भी दावा किया जा रहा था कि पिछले साल अगस्त में BJP से गठबंधन तोड़ने के बाद नीतीश कुमार एक बार फिर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) का रुख कर सकते हैं।

ये भी पढ़ें- Abu Dhabi Mandir: अयोध्या के बाद अबू धाबी में भी होगा हिंदू मंदिर का उद्घाटन, समारोह में PM मोदी होंगे शामिल

हालांकि, ललन सिंह ने गुरुवार को अपने पद से इस्तीफा देने की खबरों को खारिज करते हुए कहा था कि केंद्र की सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) के इशारे पर मीडिया द्वारा एक विमर्श खड़ा किया जा रहा है। JDU की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक से पहले पार्टी अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने की अटकलों के बीच सिंह ने कहा कि यह बैठक नियमित है और उनकी पार्टी एकजुट है। सिंह ने थोड़ा तल्खी के साथ कहा, "अगर मुझे इस्तीफा देना है, तो मैं आपको (मीडियाकर्मियों को) बुलाऊंगा और आपसे परामर्श करूंगा कि त्याग पत्र में क्या लिखना है ताकि आप BJP कार्यालय जा सकें और मसौदा प्राप्त कर सकें।"

नीतीश कुमार का बयान

इससे पहले, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी अपनी पार्टी में उथल-पुथल की अटकलों को खारिज करते हुए कहा था कि दिल्ली में जद (यू) का दो दिवसीय सम्मेलन एक सामान्य और वार्षिक आयोजन है। इसमें कुछ भी असाधारण नहीं है। इससे पहले नीतीश कुमार और ललन सिंह ने JDU की राष्ट्रीय कार्यकारिणी और परिषद की बैठक से एक दिन पहले गुरुवार को पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक में हिस्सा लिया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।