क्रिप्टोकरेंसी में निवेश के नाम पर भारतीय निवेशकों से हुई 1,000 करोड़ की ठगी: रिपोर्ट

साइबर-सिक्योरिटी फर्म CloudSEK ने एक रिपोर्ट में बताया कि उनके मुताबिक फर्जी क्रिप्टो-एक्सचेंजों ने भारतीय निवेशकों से कुल करीब 1,000 करोड़ रुपये (12.8 करोड़ डॉलर) की धोखाधड़ी की है

अपडेटेड Jun 21, 2022 पर 5:00 PM
Story continues below Advertisement
फर्जी क्रिप्टो-एक्सचेंजों ने भारतीय निवेशकों को लगाया 1,000 करोड़ रुपये का चूना

क्रिप्टोकरेंसी में निवेश के नाम पर फर्जी क्रिप्टो-एक्सचेंजों ने भारतीय निवेशकों से करीब 1,000 करोड़ रुपये की ठगी की है। साइबर-सिक्योरिटी कंपनी क्लाउडसेक (CloudSEK) ने मंगलवार को एक रिपोर्ट में यह दावा किया। न्यूज एजेंसी आईएएनएस की एक रिपोर्ट के मुताबिक क्लाउडसेक ने कई संदिग्ध वेबसाइट्स और एंड्रायड आधारित फर्जी क्रिप्टो एप्लिकेशन की जांच की, जिससे इस ठगी का पता चला।

रिपोर्ट के मुताबिक, "क्रिप्टो को लेकर बड़े स्तर पर चल रहे लुभावनों विज्ञापनों ने कई निवेशकों को फर्जी क्रिप्टो-एक्सचेंज के जाल में फंसा दिया है। इनमें से कई फर्जी वेबसाइट्स ने यूके मुख्यालय वाले क्रिप्टो-प्लेटफॉर्म 'CoinEgg' की नकल कर फर्जी वेबसाइट्स बनाई थी। यूजर्स को लगता था कि वह CoinEgg पर निवेश कर रहे हैं, लेकिन असल में वे एक फर्जी वेबसाइट्स पर ट्रेडिंग कर रहे होते हैं।"

रिपोर्ट के मुताबिक, एक फर्जी क्रिप्टो-प्लेटफॉर्म पर 50 लाख रुपये (64,000 डॉलर) खो चुके एक शख्स ने CloudSEK से संपर्क किया था। इसी के बाद CloudSEK ने इस मामले की जांच शुरू की। CloudSEK के फाउंडर और सीईओ राहुल सासी ने बताया, "हमारा अनुमान है कि इस तरह के क्रिप्टो स्कैम में भारतीय निवेशकों से कुल करीब 1,000 करोड़ रुपये (12.8 करोड़ डॉलर) की धोखाधड़ी हो चुकी है।"


यह भी पढ़ें- 10 दिनों में डीमैट अकाउंट से जुड़ा कर लें यह काम, वरना 1 जुलाई को शेयर मार्केट से नहीं खरीद पाएंगे शेयर्स

कैसे होता है ये फ्रॉड?

उन्होंने बताया कि ये धोखाधड़ी करने वाले पहले एक फर्जी वेबसाइट्स या मोबाइल ऐप बनाते हैं, जो उसी से मिलते-जुलते नाम से चलते वाले किसी वैध क्रिप्टो-ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म की नकल होती है। वेबसाइट को इस तरह से डिजाइन किया जाता है कि यूजर आसानी से असली और नकली के बीच का फर्क नहीं कर पाता है।

यूजर्स के फर्जी वेबसाइट या एक्सचेंज पर आने के बाद उसका डेटा सेव कर लिया जाता है। फिर साइबर-अटैकर्स एक महिला के नाम सोशल मीडिया पर अकाउंट बनाकर अपने संभावित शिकार व्यक्ति से संपर्क करते हैं और दोस्ती बनाते हैं। फिर वह महिला व्यक्ति को क्रिप्टोकरेंसी में निवेश करने और ट्रेडिंग करने के लिए प्रोत्साहित करती है।

रिपोर्ट में बताया गया, "महिला प्रोफाइल से उन्हें 100 डॉलर का क्रेडिट नोट भी भेजा जाता है और दावा किया जाता है कि यह उन्हें क्रिप्टो-प्लेटफॉर्म पर साइन-इन करने के बाद मिलेगा।" प्लेटफॉर्म पर अकाउंट बनाने के बाद शुरुआत में उसे मुनाफा कराया जाता है, जिससे उसका क्रिप्टोकरेसीं और उस वेबसाइट पर भरोसा बढ़े। इसके बाद जैसे ही व्यक्ति अधिक मुनाफा के चक्कर में बड़ा निवेश लगाया जाता है, वैसे ही उनके पैसे को फ्रीज कर दिया जाता है और कुछ समय अटैकर्स उनके पैसे लेकर गायब हो जाता है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।