दुनिया की सबसे अधिक वैल्यूएशन वाली एडटेक कंपनी बायजू (Byju’s) को पिछले कुछ दिनों से काफी आलोचनाओं को सामना करना पड़ा है। कंपनी ने हाल ही में अपना खर्च घटाने के लिए 2,500 कर्मचारियों को नौकरी (Byju’s Layoffs) से निकाला था और फिर इसके कुछ ही दिन बाद फुटबॉल स्टार लियोनेल मेसी (Lionel Messi) को अपने ग्लोबल ब्रांड-अबेंसडर के तौर पर साइन करने का ऐलान किया था। सोशल मीडिया पर कई लोगों ने कंपनी के इस फैसले पर सवाल उठाए थे। हालांकि अब योरस्टोरी को दिए एक इंटरव्यू में बायजू के को-फाउंडर्स बायजू रवींद्रन (Byju Raveendran) और दिव्या गोकुलनाथ (Divya Gokulnath) ने इस फैसले को लेकर अपना रुख स्पष्ट किया है और साथ ही कंपनी के फ्यूचर्स प्लान को लेकर भी बात की।