GeBBS हेल्थकेयर सॉल्यूशंस में कंट्रोलिंग स्टेक हासिल करने के लिए चल रही दौड़ अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। स्वीडन की दिग्गज निवेश कंपनी EQT और हांगकांग की प्राइवेट इक्विटी फर्म हिलहाउस इनवेस्टमेंट को इस खरीद के लिए दो प्रमुख दावेदारों के रूप में देखा जा रहा है। मनीकंट्रोल को यह जानकारी मामले से जुड़े 3 लोगों से मिली है। GeBBS हेल्थकेयर सॉल्यूशंस का मालिकाना हक भारत की सबसे बड़ी प्राइवेट इक्विटी फर्म क्रिसकैपिटल के पास है।
सूत्रों में से एक ने कहा, 'अंतिम बोलियां आने वाले सप्ताह में आने वाली हैं। इस दौड़ में अन्य दावेदार भी हैं, लेकिन EQT और हिलहाउस इनवेस्टमेंट को वर्तमान में दो सबसे आक्रामक दावेदारों के रूप में देखा जा रहा है।' दूसरे सोर्स के मुताबिक, प्रस्तावित लेनदेन में GeBBS हेल्थकेयर की वैल्यू लगभग 80 करोड़ डॉलर रहने की संभावना है। तीसरे व्यक्ति ने बताया, "निवेश बैंक जेफरीज और एवेंडस कैपिटल इस सौदे के लिए संयुक्त बिक्री सलाहकार हैं।"
कार्लाइल और सीवीसी कैपिटल की भी है दिलचस्पी
पहले की रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्राइवेट इक्विटी फर्म्स कार्लाइल और सीवीसी कैपिटल भी इस खरीद में दिलचस्पी लेने वालों में शामिल हैं। रिपोर्ट के अनुसार, GeBBS हेल्थकेयर सॉल्यूशंस ने दिसंबर 2018 में क्रिसकैपिटल को एक सौदे में अपनी बहुलांश हिस्सेदारी बेची थी, जिसकी कीमत 17.5 करोड़ डॉलर थी।
GeBBS हेल्थकेयर सॉल्यूशंस का हेडक्वार्टर लॉस एंजिलिस में
GeBBS हेल्थकेयर सॉल्यूशंस का हेडक्वार्टर लॉस एंजिलिस में है और इसके डिलीवरी सेंटर्स भारत, फिलीपींस और डॉमिनिकन रिपब्लिक में हैं। इसकी वेबसाइट के अनुसार, यह फर्म रेवेन्यू साइकिल मैनेजमेंट, पेशेंट कॉन्टैक्ट सॉल्यूशंस, एचआईएम (हेल्थ इनफॉर्मेशन मैनेजमेंट सॉल्यूशंस), एक्सटेंडेड बिजनेस ऑफिस और रिस्क एडजस्टमेंट एचसीसी (हाइरार्किकल कंडीशनल कैटेगरी) कोडिंग सॉल्यूशंस में समाधान प्रदान करती है।
वेबसाइट के अनुसार, नितिन ठाकोर GeBBS हेल्थकेयर सॉल्यूशंस के फाउंडर और चेयरमैन हैं, जबकि डॉ. मिलिंद गोडबोले एमडी और सीईओ हैं। संजय कुकरेजा और अक्षत बब्बर फर्म के बोर्ड में क्रिसकैपिटल के दो नामित सदस्य हैं।