हिंदुजा ग्रुप की हो जाएगी रिलायंस कैपिटल? दूसरी नीलामी में लगाई ₹9,650 करोड़ की सबसे ऊंची बोली

रिलायंस कैपिटल (Reliance Capital) की बिक्री के लिए आयोजित दूसरे चरण की नीलामी में हिंदुजा ग्रुप (Hinduja Group) की एक कंपनी 9,650 करोड़ रुपये की बोली लगाकर विजेता बनकर उभरी है। हिंदुजा ग्रुप की इस कंपनी का नाम इंडसइंड इंटरनेशनल होल्डिंग्स लिमिटेड (IndusInd International Holdings Ltd) है

अपडेटेड Apr 26, 2023 पर 10:56 PM
Story continues below Advertisement
IIHL ने 9,650 करोड़ रुपये की पूरी राशि कैश में देने की बात कही है

कर्ज में डूबी कंपनी रिलायंस कैपिटल (Reliance Capital) की बिक्री के लिए आयोजित दूसरे चरण की नीलामी में हिंदुजा ग्रुप (Hinduja Group) की एक कंपनी 9,650 करोड़ रुपये की बोली लगाकर विजेता बनकर उभरी है। हिंदुजा ग्रुप की इस कंपनी का नाम इंडसइंड इंटरनेशनल होल्डिंग्स लिमिटेड (IndusInd International Holdings Ltd) है। न्यूज एजेंसी पीटीआई ने बुधवार 26 अप्रैल को यह जानकारी दी। रिपोर्ट के मुताबिक, ऑनलाइन नीलामी के दूसरे दौर में इंडसइंड इंटरनेशनल होल्डिंग्स लिमिटेड (IIHL) ने 9,650 करोड़ रुपये की बोली के साथ सबसे ऊंची बोली लगाई।

बोली की यह रकम नीलामी के पहले दौर में टॉरेंट इन्वेस्टमेंट्स की तरफ से लगाई गई 8,640 करोड़ रुपये की बोली से करीब 1,000 करोड़ रुपये अधिक है। रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया कि नीलामी के दूसरे चरण में शामिल होने का इरादा जताने वाली दो अन्य कंपनियों- टॉरेंट इन्वेस्टमेंट्स और सिंगापुर की ओकट्री ने बोली प्रक्रिया में हिस्सा नहीं लिया।

खबर लिखे जाने तक इस बारे में हिंदुजा ग्रुप की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया था। बता दें कि रिलायंस कैपिटल की कमिटी ऑफ क्रेडिटर्स (CoC) ने दूसरे दौर की नीलामी के लिए 10,000 करोड़ रुपये का बेस प्राइस तय किया था। वहीं पहले दौर की नीलामी के लिए न्यूनतम बोली 9,500 करोड़ रुपये तय की गई थी।


यह भी पढ़ें- Multibagger Stock : पावर कंपनी ने शुरू की विंड-सोलर हाइब्रिड प्रोजेक्ट, 2 साल में 1 लाख को बना चुका है 23 लाख

रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि IIHL ने 9,650 करोड़ रुपये की पूरी राशि कैश में देने की बात कही है। CoC ने कम-से-कम 8,000 करोड़ रुपये का कैश में एडवांस भुगतान की शर्त रखी थी। बता दें कि सुप्रीम कोर्ट से दोबारा नीलामी करने की मंजूरी मिलने के बाद बुधवार को दूसरे दौर की बोली आयोजित की गई। हालांकि, न्यायालय के अंतिम फैसले पर ही इस बोली प्रक्रिया का नतीजा निर्भर करेगा।

दरअसल, पहले दौर की नीलामी में सर्वाधिक बोली लगाने वाली टॉरेंट ने IIHL पर बाद में संशोधित बोली जमा करने का आरोप लगाते हुए उसे कोर्ट में चुनौती दी है। इसी के बाद सुप्रीम कोर्ट ने दूसरे दौर की बोली आयोजित करने का आदेश दिया था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।