देश के 8 प्रमुख सेक्टर्स (8 Core Sectors) का उत्पादन सितंबर महीने में 7.9 फीसदी बढ़ा है। इससे पहले अगस्त महीने में देश का कोर सेक्टर्स ग्रोथ 4.1 फीसदी रहा था। जबकि पिछले साल सितंबर में कोर सेक्टर्स का ग्रोथ 5.4 फीसदी रहा था। सोमवार 31 अक्टूबर को जारी आधिकारिक आंकड़ों से यह जानकारी मिली है।
बता दें कि देश के 8 प्रमुख सेक्टर्स में कोयला (Coal), क्रूड ऑयल (Crude Oil), नैचुरल गैस (Natural Gas), रिफाइनरी प्रोडक्ट (Refinery Products), स्टील (Steel), सीमेंट (Cement), फर्टिलाइजर्स (Fertilisers) और बिजली (Electricity) आते हैं।
सितंबर महीने में इन 8 सेक्टर्स में से 6 के उत्पादन में बढ़ोतरी दर्ज की है। इन सेक्टर्स में कोयला, रिफाइनरी प्रोडक्ट, बिजली, फर्टिलाइजर्स, सीमेंट और स्टील शामिल है।
कोयला सेक्टर का उत्पादन सितंबर में सालाना आधार पर 12 फीसदी बढ़ा है। वहीं बिजली उत्पादन में सितंबर महीने में 11 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
कॉमर्स मिनिस्ट्री ने बताया कि रिफाइनरी प्रोडक्ट्स का उत्पादन सितंबर महीने में 6.6 फीसदी बढ़ा है। जबकि फर्टिलाइजर्स के उत्पादन में 11.8 की तेजी दर्ज की गई है। सीमेंट के उत्पादन में 12.1 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि स्टील का उत्पादन सितंबर में 6.7 फीसदी बढ़ा है।
वहीं क्रूड ऑयल के उत्पादन सितंबर महीने में 2.3 फीसदी घटा है। जबकि नैचुरल गैस के उत्पादन में 1.7 फीसदी की गिरावट आई है।
मौजूदा वित्त वर्ष की पहली छमाही (अप्रैल-सितंबर) में 8 बुनियादी सेक्टर्स का उत्पादन करीब 9.6 फीसदी बढ़ा है। इससे पिछले वित्त वर्ष की इसी छमाही में इन बुनियादी सेक्टर्स का उत्पादन 16.9 प्रतिशत बढ़ा था।