India-Pakistan Tension: कई कंपनियों ने जारी की सेफ्टी एडवायजरी, कर्मचारियों को घर से काम करने का निर्देश

India-Pakistan Tension: फार्मा, फूड और बेवरेजेस जैसे क्षेत्रों की कई कंपनियों के प्लांट उत्तर और पश्चिमी राज्यों पंजाब, राजस्थान और गुजरात के कच्छ क्षेत्र में हैं, जो पाकिस्तान के साथ सीमा साझा करते हैं। 8 मई की रात भारत ने पंजाब, राजस्थान और गुजरात के सीमावर्ती क्षेत्रों और जम्मू, पठानकोट, उधमपुर और अन्य स्थानों पर सैन्य ठिकानों पर लक्षित पाकिस्तानी मिसाइलों और ड्रोन हमलों को नाकाम कर दिया

अपडेटेड May 09, 2025 पर 4:28 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
कंपनियों की ओर से आपातकालीन निकासी यानि इमरजेंसी इवैक्यूएशन प्रोटोकॉल का पालन किया जा रहा है।

भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ने के कारण भारत के प्रमुख कॉरपोरेट हाउसेज और मल्टीनेशनल कंपनियों (MNCs) ने अपने कर्मचारियों के लिए सेफ्टी एडवायजरी जारी की है। पंजाब, राजस्थान और गुजरात के कुछ हिस्सों में प्लांट की मौजूदगी वाले मैन्युफैक्चरर्स ने क्या करें और क्या न करें के बारे में एडवायजरी जारी की है। जहां तक ​​संभव हो, कंपनियां अपने कर्मचारियों को घर से काम करने के लिए कह रही हैं।

सूत्रों में से एक ने कहा, "सर्विस सेक्टर की फर्म्स ने बड़े पैमाने पर उत्तर और पश्चिम में एडवायजरी जारी की हैं, जिसमें कर्मचारियों को घर से काम करने के लिए कहा गया है। इन कंपनियों की ओर से अपने साउदर्न एंप्लॉयीज के लिए कम एडवायजरी हैं। लेकिन चुनौती, कारखानों और प्रोडक्शन यूनिट्स के लिए है, जिन्हें कंपनियां अभी पूरी तरह से बंद नहीं करना चाहती हैं।" सूत्रों के मुताबिक, कंपनियां उन कर्मचारियों के सेफ ट्रांसपोर्ट को सुनिश्चित करने के लिए भी सावधानी बरत रही हैं, जिन्हें प्लांट/कारखाने में होना चाहिए।

फॉरेन वर्क ट्रिप्स टालने के निर्देश


इन कंपनियों ने वरिष्ठ अधिकारियों से यह भी कहा है कि जब तक स्थिति स्थिर नहीं हो जाती, वे विदेश की वर्क ट्रिप्स टाल दें। कुछ मामलों में, उन्हें सीमावर्ती राज्यों में कारखानों या कंपनी एस्टेबिलिशमेंट्स में घरेलू यात्राओं को स्थगित करने के लिए कहा गया है। कंपनियों ने अपने मैनेजमेंट से यह भी सुनिश्चित करने को कहा है कि कारखाने सरकार के सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।

एक सूत्र ने कहा, "ऐसी कंपनियों की ओर से आपातकालीन निकासी यानि इमरजेंसी इवैक्यूएशन प्रोटोकॉल का पालन किया जा रहा है। साथ ही आपातकालीन स्थिति के दौरान कैसे प्रतिक्रिया करनी है, इस पर आवश्यक कर्मचारियों के साथ मॉक ड्रिल भी की जा रही है।"

वैनगार्ड ने फिर घटाई Ola की वैल्यूएशन, पीक से 74% कम आंकी

कंपनियां वेट एंड वॉच मोड में

फार्मा, फूड और बेवरेजेस जैसे क्षेत्रों की कई कंपनियों के प्लांट उत्तर और पश्चिमी राज्यों पंजाब, राजस्थान और गुजरात के कच्छ क्षेत्र में हैं, जो पाकिस्तान के साथ सीमा साझा करते हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, जिन कंपनियों ने इस तरह की एडवायजरी जारी की हैं, उनमें अमेरिकन एक्सप्रेस, पैनासोनिक इंडिया और एक्सा ग्लोबल बिजनेस सर्विसेज शामिल हैं।

एक अन्य सूत्र ने कहा, "कंपनियां निश्चित रूप से वेट एंड वॉच मोड में हैं। लेकिन अभी तक, उनके उत्पादन पर कोई महत्वपूर्ण प्रभाव नहीं हुआ होगा। हालांकि, अगर स्थिति और बिगड़ती है तो कुछ सप्लाई चेन बाधित हो सकती हैं।"

India-UK FTA: ब्रिटेन के लिए स्मार्टफोन, ऑप्टिकल फाइबर नहीं होंगे सस्ते; भारत में लग्जरी कार और ब्रिटिश व्हिस्की-जिन के घट सकते हैं दाम

8 मई की रात को, भारत ने पंजाब, राजस्थान और गुजरात के सीमावर्ती क्षेत्रों और जम्मू, पठानकोट, उधमपुर और अन्य स्थानों पर सैन्य ठिकानों पर लक्षित पाकिस्तानी मिसाइलों और ड्रोन हमलों को नाकाम कर दिया। एक दिन पहले 7 मई को, भारत ने तड़के ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था, जिसमें पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में 9 आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाया गया था। अधिकारियों ने कहा है कि मारे गए आतंकवादियों में दो पाकिस्तानी नागरिक थे। यह ऑपरेशन 22 अप्रैल को कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले में 26 लोगों के मारे जाने के दो सप्ताह बाद भारत की ओर से उठाया गया कदम था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।