अक्टूबर-दिसंबर 2024 तिमाही के दौरान भारत की टॉप 5 आईटी सर्विसेज कंपनियों में से केवल 2 कंपनियों एचसीएलटेक और इंफोसिस ने अपने कर्मचारियों में इजाफा दर्ज किया। बाकी 3 कंपनियों टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), विप्रो और टेक महिंद्रा ने तिमाही के दौरान अपने कर्मचारियों की संख्या में कमी देखी। इससे पहले जुलाई-सितंबर, भर्ती के मामले में एक मजबूत तिमाही थी।
सबसे पहले बात करें HCL Tech की तो इसके कर्मचारियों की संख्या में अक्टूबर-दिसंबर 2024 तिमाही में 2,134 कर्मचारियों की वृद्धि हुई। इस बढ़ोतरी के साथ कंपनी में दिसंबर तिमाही में कुल कर्मचारियों की संख्या 2,20,755 हो गई। जुलाई-सितंबर 2024 तिमाही में HCL Tech के कर्मचारियों की संख्या में 780 की कमी आई थी। वहीं अप्रैल-जून 2024 तिमाही में 8,080 कर्मचारियों की कमी आई थी।
इंफोसिस में कितनी बढ़ोतरी
इंफोसिस के सीईओ और एमडी सलिल पारेख ने दिसंबर तिमाही के नतीजे घोषित करने के दौरान कहा कि हालांकि कंपनी ने तीसरी तिमाही में 5,591 कर्मचारियों की जोरदार भर्ती देखी है, लेकिन भविष्य की योजनाएं ग्राहकों के विवेकाधीन खर्चों में बढ़ोतरी और रेवेन्यू ग्रोथ पर सीजनल असर पर निर्भर करेंगी।
TCS, टेक महिंद्रा और विप्रो में कितने घटे कर्मचारी
लगातार दो तिमाहियों में कर्मचारियों की संख्या में वृद्धि के बाद देश की सबसे बड़ी आईटी कंपनी TCS ने दिसंबर 2024 तिमाही में लगभग 5,370 कर्मचारियों को खो दिया। टेक महिंद्रा ने तिमाही के दौरान लगभग 3,785 कर्मचारियों की गिरावट दर्ज की। विप्रो के कर्मचारियों की संख्या में अक्टूबर-दिसंबर 2024 तिमाही में 1,157 कर्मचारियों की कमी आई है। इससे पहले लगातार दो तिमाहियों में विप्रो के कर्मचारियों की संख्या में वृद्धि हुई थी। दिसंबर 2024 तिमाही के अंत में विप्रो के पास 2,32,732 कर्मचारी थे। जुलाई-सितंबर 2024 तिमाही में Wipro ने 2,500-3,000 से अधिक फ्रेशर्स को अपने साथ जोड़ा था। अप्रैल-जून तिमाही 2024 में 3,000 फ्रेशर्स को ऐड किया था।
नई हायरिंग का क्या है सीन
आईटी कंपनियों ने चालू वित्त वर्ष 2025 में फ्रेशर्स और लेटरल, दोनों तहत की हायरिंग कीं। यह कम से कम दो साल की मंदी के बाद मांग में सुधार को दर्शाता है। विप्रो को अगले वित्त वर्ष 2025-26 में 10,000-12,000 छात्रों की भर्ती की उम्मीद है। कंपनी हर तिमाही में 2,500-3,000 फ्रेशर्स को अपने साथ जोड़ना जारी रखेगी। टेक महिंद्रा इस वित्तीय वर्ष में फ्रेशर्स को जोड़ने में लगी हुई है। 6,000 से अधिक फ्रेशर्स को नियुक्त करने के लक्ष्य के साथ, कंपनी ने सितंबर 2024 तिमाही में 2,000 से अधिक फ्रेशर्स को पहले ही अपने साथ जोड़ लिया है। पहली तिमाही में कंपनी ने लगभग 1,000 फ्रेशर्स को जोड़ा था।
इंफोसिस की FY26 की नियुक्ति योजनाएं इस वित्त वर्ष की तरह ही हैं। इंफोसिस ने FY26 में 20,000 से अधिक फ्रेशर्स को शामिल करने की योजना की घोषणा की है। इस साल 15,000 से अधिक फ्रेशर्स की नियुक्ति की उम्मीद है। HCL Tech ने वित्त वर्ष 2024-25 के लिए फ्रेशर्स की हायरिंग के टारगेट को घटाकर 7000 फ्रेशर्स कर दिया है। इससे पहले कंपनी ने वित्त वर्ष 2024-25 में 10,000 से अधिक फ्रेशर्स हायर करने की बात कही थी।