इंडोनेशिया (Indonesia) ने 23 मई से पॉम ऑयल (Palm Oil) के एक्सपोर्ट पर लगा बैन हटाने का ऐलान किया है। समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक इंडोनेशिया के राष्ट्रपति जोको विडोडो ने गुरुवार को इसका ऐलान किया। इससे पहले इंडोनेशिया के सांसदों ने गुरुवार को सरकार से पॉम ऑयल पर बैन के फैसले की समीक्षा करने की अपील की थी। इसके ठीक बाद राष्ट्रपति ने इसका ऐलान किया।
सांसदों ने अपनी अपील में पाम इंडस्ट्री के संगठनों की तरफ से दी गई चेतावनी का जिक्र करते हुए कहा कि पाम ऑयल का उत्पादन अगले कुछ हफ्तों में ठप हो सकता है, जो देश की आमदनी का सबसे प्रमुख स्रोत है। उन्होंने बताया कि देश में पाम ऑयल की स्टोरेज भर गई है और अब अधिक पाम ऑयल स्टोर करने की क्षमता नहीं बची है।
बता दें कि इंडोनेशिया पाम ऑयल का उत्पादन करने वाला दुनिया का सबसे बड़ा देश है। पिछले महीने 28 अप्रैल को इसने देश में बढ़ती कीमतों को रोकने के लिए कच्चे पाम ऑयल और इसके कुछ डेरिवेटिव प्रोडक्ट के एक्सपोर्ट पर बैन लगा दिया था।
इंडोनेशिया के फैसले से भारत सहित पाम ऑयल का एक्सपोर्ट करने वाले कई देशों की अर्थव्यवस्था पर असर देखा गया और वहां एडिबल ऑयल के दाम बढ़ गए। हालांकि इंडोनेशिया से वापस पाम ऑयल का एक्सपोर्ट शुरू होने के बाद, इन देशों में अब एक बार फिर से एडिबल ऑयल के दाम में कमी आने की उम्मीद है।