Jio Financial Services Limited (JFSL) ने गुरुवार (27 मार्च) को घोषणा की कि उसने अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली सब्सिडियरी, Jio Finance Limited (JFL) में ₹1,000.24 करोड़ का निवेश किया है। यह निवेश 1,73,77,412 इक्विटी शेयरों के सब्सक्रिप्शन के रूप में किया गया है, जिनकी कीमत ₹10 प्रति शेयर है। यह पूंजी प्रवाह JFL के बिजनेस ऑपरेशंस को समर्थन देने के लिए किया गया है।
Jio Financial Services ने एक रेगुलेटरी फाइलिंग में कहा, "कंपनी ने आज Jio Finance Limited (JFL) में 1,73,77,412 इक्विटी शेयर ₹10/- प्रति शेयर पर सब्सक्राइब किए हैं। यह कुल मिलाकर ₹1,000.24 करोड़ का निवेश है। JFL इस रकम का इस्तेमाल अपने बिजनेस ऑपरेशंस के लिए करेगी।" Jio Financial Services ने हाल ही में घोषणा की थी कि वह Jio Payments Bank में भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की ₹104.5 करोड़ की हिस्सेदारी खरीदेगा।
जियो फाइनेंशियल ने ट्रांजैक्शन के बारे में क्या कहा
Jio Financial Services और Jio Finance के बीच यह लेन-देन एक संबंधित पार्टी ट्रांजैक्शन माना जाता है, क्योंकि यह एक ही ग्रुप की कंपनियों के बीच हुआ है। हालांकि, कंपनी ने स्पष्ट किया कि यह ट्रांजैक्शन 'आर्म्स लेंथ' यानी निष्पक्ष और पारदर्शी शर्तों पर किया गया है। इसके लिए किसी सरकारी या रेगुलेटरी मंजूरी की जरूरत नहीं थी।
Jio Financial Services के तिमाही नतीजे
Jio Financial Services ने 31 दिसंबर 2024 को समाप्त तिमाही के लिए ₹294.8 करोड़ का नेट प्रॉफिट दर्ज किया। यह एक साल पहले के मुकाबले 0.3% की वृद्धि है। पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट ₹293.8 करोड़ था। कंपनी का कुल राजस्व 6% बढ़कर ₹438.4 करोड़ हो गया, जो पिछले वर्ष की समान तिमाही में ₹413.6 करोड़ था। इसके अलावा Assets Under Management (AUM) ₹1,206 करोड़ (Q2 FY25) से बढ़कर ₹4,199 करोड़ हो गया।
CASA ग्राहकों में 25% की बढ़ोतरी
Jio Financial Services के पेमेंट बैंक सेगमेंट में भी तेज ग्रोथ देखी गई। CASA (Current Account & Savings Account) ग्राहकों की संख्या तिमाही-दर-तिमाही 25% बढ़कर 1.89 मिलियन हो गई। JFSL ने अपने पेमेंट सॉल्यूशंस को JioBharat प्लेटफॉर्म में भी इंटीग्रेट किया है। इससे डिजिटल पेमेंट्स को और बढ़ावा मिलेगा। Jio Financial Services Limited के शेयर BSE पर 1.57% की तेजी के साथ ₹225.90 के स्तर पर बंद हुए।
(डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल, नेटवर्क18 समूह का एक हिस्सा है। नेटवर्क18 को इंडिपेंडेंट मीडिया ट्रस्ट द्वारा नियंत्रित किया जाता है, जिसकी एकमात्र लाभार्थी रिलायंस इंडस्ट्रीज है।)