Jubilant Agri and Consumer Products Limited (JACPL) के होल टाइम डायरेक्टर और CEO मनु आहूजा शनिवार, 9 दिसंबर को इस दुनिया को अलविदा कह गए। JACPL, Jubilant Industries Limited के पूर्ण मालिकाना हक वाली सब्सिडियरी है। आहूजा के निधन की सूचना Jubilant Industries की ओर से एक एक्सचेंज फाइलिंग में दी गई है। आहूजा को Jubilant Industries ने मई 2018 में बोर्ड में शामिल किया था। एक्सचेंज फाइलिंग में कंपनी की ओर से कहा गया, 'आहूजा का निधन JACPL के लिए एक अपूर्णनीय क्षति होगी। JACPL के सभी निदेशक और कर्मचारी उनके परिवार के प्रति गहरी सहानुभूति, दुख और संवेदना व्यक्त करते हैं।'
मनु आहूजा XLRI जमशेदपुर (Xavier School of Management) और थापर इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग के पूर्व छात्र थे। उन्हें भारत और दक्षिण पूर्व एशिया के विभिन्न उद्योगों में व्यापक अनुभव था। JACPL के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने ASSA ABLOY एशिया पैसिफिक में दक्षिण एशिया के प्रेसिडेंट के रूप में 7 साल से अधिक समय बिताया। आहूजा ने 1991 में कोट्स वियेला के साथ अपने करियर की शुरुआत की थी और व्हर्लपूल और Akzo Nobel में भी लीडरशिप पोजिशंस संभालीं।
JACPL के प्रोडक्ट पोर्टफोलियो में एडहेसिव, वुड फिनिश, वुड प्रिजर्वेटिव, फूड पॉलिमर, सिंथेटिक लेटेक्स जैसे कि विनायल पायरीडीन, SBR, NBR लेटेक्स जैसे कंज्यूमर प्रोडक्ट शामिल हैं। कंपनी फसल के पोषण, ग्रोथ के लिए एग्री प्रोडक्ट बनाने के साथ-साथ इंडस्ट्रियल केमिकल भी बनाती है। इसके भारत में 5 मैन्युफैक्चरिंग प्लांट हैं। जुबिलेंट इंडस्ट्रीज लिमिटेड, जुबिलेंट भरतिया समूह के एग्री और परफॉरमेंस पॉलिमर व्यवसाय की प्रमुख कंपनी है। कंपनी का कृषि उत्पादों और परफॉरमेंस पॉलिमर का विविध पोर्टफोलियो है। यह भारत के साथ-साथ विदेश में भी ग्राहकों को टेक्नोलॉजी बेस्ड प्रोडक्ट्स और सॉल्यूशंस उपलब्ध कराती है।