IDFC एसेट मैनेजमेंट कंपनी के शीर्ष स्तर पर बदलाव की तैयारी है। मनीष गुनवानी (Manish Gunwani) इस म्यूचुअल फंड हाउस के नए इक्विटी हेड होंगे। वह इससे पहले निप्पॉन लाइफ इंडिया एसेट मैनेजमेंट के साथ थे। मनीष गुनवानी, अनूप भास्कर (Anoop Bhaskar) की जगह लेंगे। इंडस्ट्री के सूत्रों से यह जानकारी मिली है। IDFC म्यूचुअल फंड ने इस खबर पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। कंपनी इस बारे में आधिकारिक ऐलान हफ्ते के अंत में कर सकती है। निप्पॉन इंडिया म्यूचुअल फंड ने पिछले महीने बताया था कि मनीष गुनवानी करीब 5 सालों के कार्यकाल के बाद कंपनी छोड़ रहे हैं।
गुनवानी, निप्पॉन इंडिया के चीफ इनवेस्टमेंट ऑफिसर (इक्विटी) थे और वह कंपनी में करीब 28 इनवेस्टमेंट प्रोफेशनल्स की टीम की अगुआई करते थे। निप्पॉन के साथ अपने कार्यकाल के दौरान वह कई अहम स्कीमों को मैनेज करते थे।
इसमें निप्पॉन इंडिया फ्लेक्सी कैप फंड, निप्पॉन इंडिया ग्रोथ फंड और निप्पॉन इंडिया बैंलेंस एडवांटेड फंड आदि शामिल है। गुनवाली के कंपनी से हटने के बाद फंड हाउस ने सैलेश राज भान को प्रमोट करके अपना नया सीआईओ-इक्विटी बनाया था।
वह IDFC म्यूचुअल फंड से बाहर जा रहे अनूप भास्कर के पास म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री का करीब 27 सालों का अनुभव है। भास्कर ने स्मॉल और मिड-कैप फंडों को मैनेज करने में अपनी ख्याति बनाई है। हालांकि उन्होंने अपने करियर में सभी तरह के इक्विटी फंड को मैनेज किया था। उन्हें अपनी मिडकैप और स्मॉलकैप स्कीम में विविधता लाने और कई बार बहुत ज्यादा विविधता के लिए जाना जाता है।
वह फरवरी 2016 से IDFC म्यूचुअल फंड के साथ जुड़े हुए है। इससे पहले वह करीब 9 सालों तक UTI एसेट मैनेजमेंट कंपनी के इक्विटी हेड थे, जहां उनके जिम्मे पूरा डोमेस्टिक इक्विटी फंड मैनेजमेंट था। इससे पहले वह सुंदरम एसेट मैनेजमेंट कंपनी के फंड मैनेजर थे।