Microsoft Layoff News: बिल गेट्स (Bill Gates) के माइक्रोसॉफ्ट के एंप्लॉयीज पर महज दो हफ्ते बाद फिर छंटनी की मार पड़ी है। इससे पहले मई में कंपनी ने करीब 6 हजार एंप्लॉयीज की छुट्टी की थी जो पिछले कुछ वर्षों में माइक्रोसॉफ्ट की सबसे बड़ी छंटनी थी। अब एक बार फिर कंपनी ने 300 से अधिक एंप्लॉयीज की सोमवार को छुट्टी कर दी गई। न्यूज एजेंसी ब्लूमबर्ग ने वाशिंगटन स्टेट नोटिस के आधार पर इसका खुलासा किया है। माइक्रोसॉफ्ट में यह छंटनी AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) के चलते हो रही है जिसमें टेक कंपनी अरबों डॉलर का निवेश कर रही है।
Microsoft के किन एंप्लॉयीज को लगा झटका?
माइक्रोसॉफ्ट के एक प्रवक्ता ने कहा कि इस बार जिन एंप्लॉयीज को निकाला जा रहा है, वह पिछले महीने 6 हजार एंप्लॉयीज की छंटनी के अतिरिक्त है। प्रवक्ता का कहना है कि तेजी से बदलते मार्केट में सफलता के लिए सबसे अच्छी स्थिति में रखने के लिए कंपनी के ढांचे में बदलाव जारी रहेगा। पिछले महीने जो छंटनी हुई थी, उसका असर सॉफ्टवेयर इंजीनियर्स पर पड़ा था लेकिन इस बार किसे झटका लगा है, इसका खुलासा नहीं हो पाया है। जून 2024 के आंकड़ों के मुताबिक कंपनी के 2.28 लाख फुल टाइम एंप्लॉयीज थे जिनमें से 55 फीसदी अमेरिका में काम कर रहे थे।
AI के चलते जा रही नौकरियां
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तेजी से बढ़ रहा है और इसके चलते टेक मार्केट में खलबली मची हुई है। इसकी वजह ये है कि कंपनियां अब एआई से जुड़ी नौकरियों को प्रमुखता दे रही हैं और पैसे बचाने के लिए तकनीक का इस्तेमाल कर रही हैं। माइक्रोसॉफ्ट और मेटा प्लेटफॉर्म समेत अन्य कंपनियां सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट की प्रक्रिया तेज करने के लिए AI वाले कोडिंग टूल का बखान कर रही हैं। पिछले हफ्ते सेल्सफोर्स (Salesforce) ने कहा कि एआई के आंतरिक इस्तेमाल से इस कम से कम वर्कर्स के साथ काम करने में सफलता मिली है।