NDTV Share Price: दिग्गज मीडिया नेटवर्क नई दिल्ली टेलीविजन (NDTV) में अडानी ग्रुप (Adani Group) के हिस्सेदारी की खबरों पर शेयरों में लगातार नौ दिन उछाल रही। लगातार नौ दिन इसके शेयरों में अपर सर्किट लगा और फिर जब मंगलवार को इसकी तेजी थमी तो लगातार तीसरे दिन आज गुरुवार 8 सितंबर को इसमें लोअर सर्किट लग गया है।
बीएसई पर इसके शेयर 24.40 रुपये यानी पांच फीसदी की गिरावट के साथ 463.80 रुपये के भाव तक फिसल चुके हैं जबकि 6 सितंबर को यह 567.85 रुपये के रिकॉर्ड भाव पर पहुंचा था। इसका मतलब हुआ कि एनडीटीवी के शेयर रिकॉर्ड ऊंचाई से अब तक 18 फीसदी से अधिक फिसल चुका है। अडानी ग्रुप के ओपन ऑफर को लेकर इसके शेयरों पर दबाव दिख रहा है।
क्या है अडानी ग्रुप की योजना
एशिया के सबसे अधिक और दुनिया के तीसरे सबसे अमीर शख्स गौतम अडानी (Gautam Adani) की अडानी ग्रुप (Adani Group) ने 23 अगस्त को एनडीटीवी की एक प्रमोटर एंटिटी आरआरपीआर का अधिग्रहण करने का ऐलान किया था जिसके पास एनडीटीवी में 29.18 फीसदी हिस्सेदारी है। एनडीटीवी में 29.18 फीसदी हिस्सेदारी को अप्रत्यक्ष रूप से अधिग्रहण करने के अलावा अडाणी ग्रुप ने 26 फीसदी हिस्सेदारी ओपन ऑफर के जरिए प्रत्यक्ष रूप से खरीदने का ऐलान किया था। इस ऑफर की डिटेल्स अब सामने आ गई है और यह 17 अक्टूबर से 1 नवंबर के बीच खुला रहेगा। इस ऑफर के तहत 294 रुपये का शेयर प्राइस तय किया गया है।
14 साल बाद पहुंचे थे 500 रुपये के पार भाव
एनडीटीवी के शेयरों में लगातार अपर सर्किट से इसके भाव करीब 14 साल बाद 500 रुपये के पार शेयर पहुंच गए थे। 4 जनवरी 2008 को एनडीटीवी के शेयर 512 रुपये की ऊंचाई पर पहुंचे थे, उसके करीब 14 साल बाद 2 सितंबर 2022 को यह 500 के पार 515.20 रुपये के भाव पर पहुंचा। इसकी तेजी यहीं नहीं थमी बल्कि यह 567.25 रुपये की ऊंचाई तक गया। लगातार अपर सर्किट के दौरान इसने निवेशकों की पूंजी डबल से अधिक बढ़ा दी थी।