NVIDIA AI Summit 2024: मुंबई में आयोजित एनवीडिया AI समिट 2024 के दौरान रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने कहा कि जियो (Jio) अब दुनिया की सबसे बड़ी डेटा कंपनी बन चुकी है। इस दौरान Nvidia के फाउंडर और सीईओ जेनसन हुआंग ने ऐलान किया रिलायंस और Nvidia मिलकर भारत में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार कर रहे हैं। यह साझेदारी भारत को AI के क्षेत्र में एक अग्रणी देश बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगी।
भारत बन रहा दुनिया का इनोवेशन हब
इस शिखर सम्मेलन में मुकेश अंबानी ने कहा, "भारत आने वाले समय में दुनिया के सबसे बड़े इंटेलीजेंस बाजारों में से एक होगा। हम इंटेलिजेंस का इस्तेमाल करके न केवल समृद्धि लाने में सक्षम होंगे, बल्कि दुनिया में समानता भी ला सकेंगे।" उन्होंने आगे कहा कि, "भारत में 1.2 अरब लोगों की औसत आयु 35 साल से कम है, जो इसे दुनिया का सबसे युवा देश बनाता है। भारत तेजी से दुनिया का इनोवेशन हब बनता जा रहा है और हमारे पास दुनिया में सबसे अच्छी डिजिटल कनेक्टिविटी इंफ्रास्ट्रक्चर है।"
Nvidia के फाउंडर और सीईओ जेनसन हुआंग ने इस साझेदारी को भारत के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर बताया। उन्होंने कहा, "यह एक असाधारण समय है, जहां भारत के पास बड़ी संख्या में कंप्यूटर इंजीनियर और एक विशाल जनसंख्या है। मैं इस साझेदारी के लिए मुकेश अंबानी के साथ काम करने को लेकर सम्मानित महसूस कर रहा हूं।" उन्होंने यह भी कहा कि भारत को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस क्रांति का फायदा उठाने के लिए तैयार होना चाहिए, और यह साझेदारी देश की क्षमता को बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।
मुकेश अंबानी ने इस अवसर पर कहा कि भारत तेजी से विकास की राह पर है और आने वाले सालों में इनोवेशन और डिजिटल क्रांति में एक ग्लोबल लीडर के रूप में उभर सकता है। Nvidia और रिलायंस की यह साझेदारी भारत को AI की दुनिया में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में मदद करेगी, और यह देश की 1.5 अरब जनसंख्या के जीवन को भी बदल सकती है।