ओला इलेक्ट्रिक मोबिलिटी (Ola Electric Mobility) 1000 से अधिक कर्मचारियों और कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स को नौकरी से निकाल रही है। ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट के मुताबिक, मामले की जानकारी रखने वाले लोगों से यह बता पता चली है। कंपनी बढ़ते घाटे को कम करने की कोशिश कर रही है। सोर्सेज का कहना है कि ओला इलेक्ट्रिक में कटौती कई विभागों में की गई है, जिनमें खरीद, फुलफिलमेंट, कस्टमर रिलेशंस और चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर शामिल हैं। भाविश अग्रवाल की अगुवाई वाली कंपनी कई मोर्चों पर संकट से जूझ रही है।
यह 5 महीने से कम समय में छंटनी का दूसरा दौर है। रिपोर्टों के अनुसार, नवंबर 2024 में कंपनी ने लगभग 500 कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया गया था। ओला इलेक्ट्रिक अगस्त 2024 में शेयर बाजारों में लिस्ट हुई थी। कंपनी का दिसंबर 2024 तिमाही में घाटा 50% बढ़ गया।
एक चौथाई से ज्यादा कर्मचारी होने वाले हैं बाहर
छंटनी का मौजूदा दौर मार्च 2024 के अंत तक ओला के 4,000 कर्मचारियों के साइज का एक चौथाई से अधिक है। लेकिन इसमें कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स भी शामिल हैं और इन्हें कंपनी के पब्लिक डिस्क्लोजर में नहीं गिना जाता है। कहा जा रहा है कि रिस्ट्रक्चरिंग के हिस्से के रूप में, ओला इलेक्ट्रिक अपने कस्टमर रिलेशंस ऑपरेशंस के कुछ हिस्सों को ऑटोमेटेड कर रही है। कारोबारी जरूरतों के अनुसार छंटनी की योजना समय के साथ बदल सकती है। कहा जा रहा है कि ओला इलेक्ट्रिक के शोरूम और सर्विस सेंटर्स में फ्रंट-एंड सेल्स, सर्विस और वेयरहाउस स्टाफ को भी हटाया जा रहा है।
ब्लूमबर्ग के मुताबिक, ओला इलेक्ट्रिक के प्रवक्ता ने एक ईमेल में कहा, "हमने अपने फ्रंट-एंड ऑपरेशंस को रिस्ट्रक्चर और ऑटोमेटेड किया है, जिससे बेहतर मार्जिन, कम लागत और बेहतर ग्राहक अनुभव हासिल हुआ है। बेहतर प्रोडक्टिविटी के लिए गैरजरूरी रोल्स को खत्म किया गया है।", हालांकि उन्होंने कर्मचारियों की संख्या में कटौती का जिक्र नहीं किया।
फरवरी में 25,000 से ज्यादा इलेक्ट्रिक स्कूटर बेचे
Ola Electric ने फरवरी में 25,000 से ज्यादा इलेक्ट्रिक स्कूटर बेचे हैं। कंपनी की इलेक्ट्रिक टूव्हीलर मार्केट में हिस्सेदारी अब 28 प्रतिशत से अधिक है। इस तरह यह मार्केट शेयर में लीडर बनी हुई है। कंपनी का देश भर में 4,000 स्टोर का सेल्स-एंड-सर्विस नेटवर्क है।