अरबपति निवेशक और डीमार्ट के फाउंडर राधाकिशन दमानी (Radhakishan Damani) के पोर्टफोलियो में शामिल शेयरों की वैल्यू में इस साल अभी तक करीब 23 फीसदी की गिरावट आ चुकी है। दिसंबर 2021 के दौरान दमानी की संपत्ति अपने अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर थी और तब से इसमें अभी तक गिरावट आई है।
ट्रेंडलाइन के आंकड़ों के मुताबिक, राधाकिसन दमानी की संपत्ति इस समय 155,503.17 करोड़ रुपये है, जो मार्च तिमाही के अंत से करीब 10 फीसदी कम है। मार्च तिमाही के अंत में दमानी की संपत्ति 173,822 करोड़ रुपये थी, जो इसकी पिछली तिमाही के मुकाबले 14 फीसदी कम था।
कुल मिलाकर राधाकिशन दमानी की संपत्ति में इस साल की शुरुआत से अभी तक 23 फीसदी की गिरावट आई है। बता दें कि अक्टूबर-दिसंबर 2021 तिमाही के दौरान दमानी की संपत्ति करीब 202,248.66 करोड़ रुपये पर पहुंच गई थी, जो इसका ऑल-टाइम हाई था।
दमानी की संपत्ति बढ़ाने में सबसे अधिक योगदान उनकी कंपनी डीमार्ट का है। डीमार्ट को शेयर बाजार में मिली सफलता के दम पर दमानी की संपत्ति में पिछले सात साल में 14,512.07% की जबरदस्त उछाल आई है। दिसंबर 2015 में, दमानी की कुल संपत्ति महज 1,384.12 करोड़ रुपये थी।
14 कंपनियों में किया है निवेश
Radhakishan Damani ने सार्वजनिक रूप से 14 कंपनियों में निवेश किया हुआ है। Trendlyne के मुताबिक डीमार्ट (एवेन्यू सुपरमार्ट्स) में उनकी 65.2 फीसदी हिस्सेदारी है, जिसकी वैल्यू 147,966.8 करोड़ रुपये रह गई है। डीमार्ट के शेयर इस साल अब तक 23.48 फीसदी गिरे हैं। इसके अलावा उनके पास दूसरी सबसे डिस्सेदारी VST Industries की है, जिसकी वैल्यू करीब ₹1,598.3 है।
इसके अलावा दमानी ने इंडिया सीमेंट्स, ट्रेंट, यूनाइटेड ब्रेवरीज, सुंदरम फाइनेंस, 3एम इंडिया, ब्लू डार्ट, मेट्रोपोलिस हेल्थकेयर, सुंदरम फाइनेंस होल्डिंग्स, एस्ट्रा माइक्रोवेव प्रोडक्ट्स, आंध्रा पेपर, बीएफ यूटिलिटीज और मंगलम ऑर्गेनिक्स जैसी कंपनियों में भी निवेश किया हुआ है।