अमेरिकी फेडरल रिजर्व बैंक की ओर से ब्याज दरों में बढ़ोतरी पर लगाम लगाए जाने की संभावना कम है और वह अपनी अगली बैठक में इसे 0.25% और बढ़ा सकता है। ये कहना है भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन का। हमारे सहयोगी न्यूज चैनल CNBC-TV18 को दिए इंटरव्यू में रघुराम राजन ने कहा कि अमेरिका में कोर महंगाई अभी भी मजबूत दिख रही है। उन्होंने कहा, "ठीक है, मुझे लगता है कि अमेरिका में, कम से कम इस समय ऐसा लगता है कि फेड ने अपने स्तर से सभी प्रयास कर लिए हैं। इस समय अमेरिका में मुख्य रूप से दो चिंताएं हैं। पहला कि वहां कई छोटे और मझोले स्तर के बैंक अपने बॉन्ड पोर्टफोलियो पर घाटे में बैठे हैं। इनमें से कई लंबी अवधि के बॉन्ड रखते हैं जिनकी वैल्यू में फेड की दर में बढ़ोतरी के साथ गिरावट आई है।"
