प्राइवेट सेक्टर के लेंडर आरबीएल बैंक (RBL Bank) ने शनिवार 11 जून को बताया कि उसने अनुभवी बैंकर आर सुब्रमण्यकुमार (R Subramaniakumar) को अपना नया मैनेजिंग डायरेक्टर (MD) और चीफ एग्जिक्यूटिव ऑफिसर (CEO) नियुक्त किया है। यह नियुक्ति तीन सालों के लिए हैं।
बैंक ने शेयर बाजारों को भेजी एक सूचना में बताया, "बोर्ड ऑफ डायरेक्टर ने बैकिंग रेगुलेशन एक्ट 1949 के सेक्शन 35बी के तहत आर सुब्रमण्यकुमार को बैंक के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ के पद पर नियुक्ति को मंजूरी दी है। यह नियुक्ति उनके पद संभालने की तारीख से अगले तीन सालों के लिए हैं।"
यह नियुक्ति RBL बैंक के पिछले पूर्णकालिक एमडी और सीईओ विश्ववीर आहुजा के पद से हटने के करीब छह महीने बाद हुई है। आहुजा के पद से हटने के बाद बैंक ने राजीव आहुजा को बैंक का अंतरिम सीईओ और एमडी नियुक्त किया था, जिनकी अवधि 24 जून को खत्म हो रही थी।
सुब्रमण्यकुमार को बैंकिंग इंडस्ट्री में 40 से अधिक वर्षों का अनुभव है। उनका करियर 1980 में पंजाब नेशनल बैंक (PNB) से शुरू हुआ, जहां उन्होंने 35 साल तक काम किया और वह वहां बिजनेस ट्रांसफार्मेशन के हेड पद से रिटायर हुए थे।
सुब्रमण्यकुमार इसके अलावा इंडियन बैंक और इंडियन ओवरसीज बैंक में एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर भी रह चुके हैं। बाद में उन्हें इंडियन ओवरसीज बैंक का एमडी और सीईओ नियुक्त किया गया था। सुब्रमण्यकुमार को भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने दीवान हाउसिंग फाइनेंस कॉर्पोरेशन लिमिटेड (DHFL) का प्रशासक भी नियुक्त किया था। इसके अलावा वह LIC पेंशन फंड लिमिटेड के एक इंडिपेंडेट डायरेक्टर भी हैं।