Vistara-Air India Merger: सिंगापुर एयरलाइंस नवंबर में एयरलाइन विस्तारा के विलय के बाद एयर इंडिया में 3,194.5 करोड़ रुपये का अतिरिक्त निवेश करेगी। विस्तारा के एयर इंडिया में विलय की घोषणा 29 नवंबर, 2022 को की गई थी और यह 11 नवंबर, 2024 को पूरा होने वाला है। विलय के बाद सिंगापुर एयरलाइंस के पास एयर इंडिया में 25.1 प्रतिशत हिस्सेदारी होगी। विस्तारा, टाटा ग्रुप और सिंगापुर एयरलाइंस का एक जॉइंट वेंचर है। इसमें सिंगापुर एयरलाइंस के पास 49 प्रतिशत शेयरहोल्डिंग है। विस्तारा की फ्लाइट्स 9 जनवरी, 2015 से शुरू हुईं।
सिंगापुर एयरलाइंस (SIA) विस्तारित एयर इंडिया में 25.1 प्रतिशत इक्विटी हिस्सेदारी के बदले में 2,058.5 करोड़ रुपये लगाएगी। SIA ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि विलय में SIA के लिए एक समझौता शामिल है, जिसमें विलय के पूरा होने से पहले टाटा द्वारा प्रदान की गई किसी भी फंडिंग में अपना हिस्सा देने के लिए कहा गया है। साथ ही 5,020 करोड़ रुपये तक की फंडिंग लागत भी शामिल है, जिससे उसे एयर इंडिया में 25.1 प्रतिशत हिस्सेदारी बनाए रखने की इजाजत मिलेगी।
कैसे होगा अतिरिक्त पूंजी निवेश
टाटा द्वारा एयर इंडिया को अब तक की गई फंडिंग के बेसिस पर, SIA का अतिरिक्त पूंजी निवेश 3194.50 करोड़ रुपये (एसजीडी 49.8 करोड़ के बराबर) होने की उम्मीद है। यह विलय के पूरा होने के बाद और नवंबर 2024 के अंदर एयर इंडिया के नए शेयरों के सब्सक्रिप्शन के माध्यम से होगा। सिंगापुर एयरलाइंस का कहना है कि भविष्य में पूंजी निवेश पर एयर इंडिया की जरूरतों और उपलब्ध फाइनेंसिंग विकल्पों के आधार पर विचार किया जाएगा।
SIA ने कहा कि मर्जर के बाद बनने वाली एंटिटी की घरेलू, अंतरराष्ट्रीय, फुल सर्विस और लो कॉस्ट ऑपरेशंस सहित सभी प्रमुख इंडियन एयर ट्रैवल सेगमेंट्स में महत्वपूर्ण उपस्थिति होगी। इससे SIA की मल्टी-हब रणनीति मजबूत होगी, जिससे यह भारत के बड़े और तेजी से बढ़ते एविएशन मार्केट में सीधे भागीदारी जारी रख सकेगी।
विलय के बाद AI2 से शुरू होंगी विस्तारा एयरक्राफ्ट वाली फ्लाइट
एयर इंडिया कह चुकी है कि विलय के बाद विस्तारा के एयरक्राफ्ट से संचालित उड़ानों के नंबरों की शुरुआत ‘AI2’ से होगी। कंपनी ने कहा कि विस्तारा के एयरक्राफ्ट, क्रू और सर्विस पहले की तरह ही ऑपरेशनल रहेगी। विस्तारा प्लेन जिन रूट्स पर उड़ान भरते हैं, उनके लिए बुकिंग एयर इंडिया की वेबसाइट पर रीडायरेक्ट की जाएंगी। कस्टमर 12 नवंबर को या उसके बाद ट्रैवल करने के लिए 3 सितंबर से विस्तारा की फ्लाइट बुक नहीं कर सकेंगे।