Dailyhunt और Josh की पैरेंट कंपनी VerSe ने वापस लिया सैलरी कटौती का फैसला, ESOP का भी किया विस्तार

वर्से इनोवेशन (VerSe Innovation) ने इकोनॉमी के स्तर पर बढ़ती चुनौतियों को देखते हुए पिछले साल नवंबर में 150 कर्मचारियों की छंटनी का ऐलान किया था। साथ ही इसने 10 लाख से अधिक के पैकेज वाले कर्मचारियों की सैलरी में 11 फीसदी तक की कटौती का ऐलान किया था

अपडेटेड Apr 14, 2023 पर 1:48 PM
Story continues below Advertisement
वर्से इनोवेशन को साल 2007 में वीरेंद्र गुप्ता और शैलेंद्र शर्मा ने मिलकर शुरू किया था

न्यूज एग्रीगेटर डेलीहंट (Dailyhunt) और शॉर्ट वीडियो प्लेटफॉर्म जोश (Josh) की पैरेंट कंपनी वर्से इनोवेशन (VerSe Innovation) ने अपने कर्मचारियों की सैलरी में की गई सभी कटौती को वापस करने का ऐलान किया है। साथ ही इसने एंप्लॉयी स्टॉक ऑप्शन पूल (ESOP) को भी बढ़ाया है। यह स्टार्टअप इंडस्ट्री में हाल में देखे गए उस चलन से अलग है, जहां कंपनियां लागत घटाने और इसके लिए कर्मचारियों की छंटनी पर जोर दे रही हैं। वर्से इनोवेशन ने इकोनॉमी के स्तर पर बढ़ती चुनौतियों को देखते हुए पिछले साल नवंबर में 150 कर्मचारियों की छंटनी का ऐलान किया था। साथ ही इसने 10 लाख से अधिक के पैकेज वाले कर्मचारियों की सैलरी में 11 फीसदी तक की कटौती का ऐलान किया था।

कंपनी के को-फाउंडर उमंग बेदी ने 11 अप्रैल को हुए एक टाउनहाल में बताया कि आर्थिक स्थितियां अब पहले के मुकाबले कहीं बेहतर दिख रही हैं। ऐसे में कंपनी अगले महीने से सैलरी में हुई कटौती को वापस कर रही है। बेदी ने कर्मचारियों को यह भी बताया कि कंपनी अपने ESOP पूल का विस्तार करेगी और FY23 या पिछले वित्त वर्ष के प्रदर्शन के आधार पर कर्मचारियों को प्रोत्साहन देगी।

बेदी ने वॉट्सऐप पर इस खबर की पुष्टि की है। बेदी ने मनीकंट्रोल को बताया, "हमें यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि हम 11% वेतन कटौती को वापस लेंगे जो पहले पूरी कंपनी के लिए लागू किया गया था। हम अपने कर्मचारियों की कड़ी मेहनत और समर्पण को महत्व देते हैं, और यह फैसला VerSe की सफलता में उनके योगदान के को बताता है।"


यह भी पढ़ें- Infosys का डिविडेंड पेआउट FY23 में सिर्फ 9.7% बढ़ा, बीते तीन साल में सबसे कम

उन्होंने कहा, "इसके अलावा, हम FY23 के लिए अप्रेजल की प्रक्रिया को शुरू करने के लिए भी उत्साहित हैं, जो परफॉर्मेंस लिंक्ड इनसेंटिव (PLI) के पेमेंट और हमारे सभी कर्मचारियों के लिए अतिरिक्त एंप्लॉयी स्टॉक ऑप्शन स्कीम (ESOP) के आंवटन के लिए रास्ता साफ करेगा।"

वर्से इनोवेशन को साल 2007 में वीरेंद्र गुप्ता और शैलेंद्र शर्मा ने मिलकर शुरू किया था। उमंग बेदी फरवरी 2018 में कंपनी में शामिल हुए थे। टिकटॉक के भारत में बैन होने के तुरंत बाद कंपनी ने साल 2020 में जोश (Josh) नाम से एक शॉर्ट-वीडियो प्लेटफॉर्म लॉन्च किया था।

Moneycontrol News

Moneycontrol News

First Published: Apr 14, 2023 1:48 PM

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।