Get App

Sun Pharma ने अमेरिकी बाजार से जेनेरिक दवा की 55000 बोतलें मंगाईं वापस, जानिए क्या है मामला

यूएस फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (USFDA) ने अपनी लेटेस्ट एनफोर्समेंट रिपोर्ट में कहा कि मुंबई स्थित दवा कंपनी की न्यू जर्सी बेस्ड यूनिट 40 mg और 80 mg की क्षमता वाली फेबुक्सोस्टैट टैबलेट को वापस मंगा रही है। फेबुक्सोस्टैट का इस्तेमाल गठिया वाले लोगों में यूरिक एसिड के स्तर को कम करने के लिए किया जाता है

Curated By: Shubham Singh Thakurअपडेटेड Mar 10, 2024 पर 4:04 PM
Sun Pharma ने अमेरिकी बाजार से जेनेरिक दवा की 55000 बोतलें मंगाईं वापस, जानिए क्या है मामला
सन फार्मा ने अमेरिकी बाजार से जेनेरिक ड्रग की 55000 बोतलें वापस मंगा ली है।

दवा कंपनी सन फार्मा (Sun Pharma) ने अमेरिकी बाजार से जेनेरिक ड्रग की 55000 बोतलें वापस मंगा ली है। इस दवा का इस्तेमाल गठिया (Gout) का इलाज करने में होता है। कंपनी को मैन्युफैक्चरिंग से जुड़े नियमों के उल्लंघन के चलते यह निर्णय लेना पड़ा है। यूएस हेल्थ रेगुलेटर ने यह जानकारी दी है। बीते गुरुवार को कंपनी के शेयर 0.19 फीसदी की मामूली बढ़त के साथ 1,606.95 रुपये के भाव पर बंद हुए हैं। कंपनी का मार्केट कैप 3.85 लाख करोड़ रुपये है।

यूएस फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (USFDA) ने अपनी लेटेस्ट एनफोर्समेंट रिपोर्ट में कहा कि मुंबई स्थित दवा कंपनी की न्यू जर्सी बेस्ड यूनिट 40 mg और 80 mg की क्षमता वाली फेबुक्सोस्टैट टैबलेट को वापस मंगा रही है। इसमें कहा गया है कि सन फार्मास्युटिकल इंडस्ट्रीज करंट गुड मैन्युफैक्चरिंग प्रैक्टिस रेगुलेशंस (CGMP) के उल्लंघन के कारण 40 mg दवा की 47,520 बोतलें और 80 mg दवा की 7,488 बोतलें वापस ले रही है।

USFDA ने कहा, "मैन्युफैक्चरिंग इक्विपमेंट के डक्ट में रुके हुए पानी में माइक्रोबियल कंटेमिनेशन की जानकारी मिली थी। US रेगुलेटर ने कहा कि प्रभावित लॉट का उत्पादन मेम्फिस स्थित नॉर्थस्टार आरएक्स एलएलसी के लिए सन फार्मा के दादरा स्थित प्लांट में किया गया था। फेबुक्सोस्टैट का इस्तेमाल गठिया वाले लोगों में यूरिक एसिड के स्तर को कम करने के लिए किया जाता है। USFDA के अनुसार कंपनी ने इस साल 4 मार्च को देश भर में (US) क्लास II रिकॉल की शुरुआत की है।

USFDA के अनुसार क्लास II रिकॉल उस स्थिति में शुरू की जाती है, जिसमें किसी वॉयलेटिव प्रोडक्ट का उपयोग या उसके संपर्क में आने से अस्थायी या चिकित्सकीय रूप से स्वास्थ्य पर बुरा असर हो सकता है या जहां स्वास्थ्य पर गंभीर नतीजों की संभावना बहुत कम होती है। सन फार्मा अमेरिका की लीडिंग जेनेरिक दवा कंपनियों में से एक है। 2019 में अमेरिकी जेनेरिक ड्रग मार्केट लगभग 115.2 बिलियन डॉलर होने का अनुमान लगाया गया था। यह फार्मास्युटिकल प्रोडक्ट्स का सबसे बड़ा मार्केट है।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें