टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स (Tata Electronics Private Limited) तमिलनाडु स्थित प्लांट में लगी आग के बाद उस प्लांट में अपने कुछ ऑपरेशंस को फिर से शुरू करने वाली है। रॉयटर्स के मुताबिक, कंपनी के प्रवक्ता ने कहा है कि शनिवार से ही होसुर प्लांट में आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए लगातार काम हो रहा है।
शनिवार, 28 सितंबर को तड़के तमिलनाडु के कृष्णागिरी जिले में होसुर के पास टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स प्राइवेट लिमिटेड की इलेक्ट्रॉनिक्स कंपोनेंट फैक्ट्री के केमिकल गोदाम में आग लग गई थी। होसुर और आस-पास के जिलों से दमकल की 7 गाड़ियों को मौके पर भेजा गया और फिर घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
iPhone के लिए कंपोनेंट बनाती है टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स
टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स प्राइवेट लिमिटेड टाटा समूह का एक नया वेंचर है, जो प्रिसीशन कंपोनेंट्स बनाने में विशेषज्ञता रखती है। कंपनी iPhone के लिए विभिन्न एक्सेसरीज का उत्पादन करती है। घटना के बाद कंपनी ने बयान में कहा था कि आग लगने के कारण की जांच की जा रही है और हम अपने कर्मचारियों और अन्य स्टेकहोल्डर्स के हितों की रक्षा के लिए आवश्यक कार्रवाई करेंगे। एक रिपोर्ट के मुताबिक, घटना के बाद iPhone मेकर एप्पल ने अपनी एक टीम टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स के प्लांट में भेजी थी।