TCS अपने कर्मचारियों को देगी 100% वेरिएबल Pay, भुगतान में देरी की खबरों को किया खारिज

टाटा कंसल्टेंसीज सर्विसेज (TCS) ने को साफ किया है कि उसने अपने कर्मचारियों को जून तिमाही का वेरिएबल पे (Variable Pay) देने में कोई देरी नहीं की है

अपडेटेड Aug 23, 2022 पर 8:28 PM
TCS की प्रतिद्वंदी कंपनियां- विप्रो और इंफोसिस ने Q1 के वेरिएबल पे में कटौती की है

भारत की दिग्गज आईटी कंपनी टाटा कंसल्टेंसीज सर्विसेज (TCS) ने मंगलवार 23 को साफ किया कि उसने अपने कर्मचारियों को जून तिमाही का वेरिएबल पे (Variable Pay) देने में कोई देरी नहीं की है और इसे पहले या दूसरे महीने की सैलरी के साथ देना सामान्य है।

TCS ने एक बयान में कहा, "हमने अपने कर्मचारियों को दिए जाने वाले कंपनसेशन पर कई गलत खबरें देखने को मिली है। सामान्य प्रक्रिया के अनुसार, वेरिएबल पे का भुगतान एक या दो महीने के अंदर किया जाता है और इसमें किसी तरह की कोई देरी नहीं हुई है। जून तिमाही के लिए 100 फीसदी वेरिएबल पे का भुगतान किया जा रहा है।"

कुछ खास ग्रेड के कर्मचारियों को भेजे गए ईमेल में कंपनी ने बताया कि इन ग्रेड के कर्मचारियों के लिए अभी तक परफॉर्मेंस बोनस को अंतिम रूप नहीं दिया गया है। मनीकंट्रोल ने इस ईमेल की एक कॉपी देखी है।


यह भी पढ़ें- बोनस शेयर की खबर से 7% उछले Ruchira Papers के स्टॉक्स, अगले हफ्ते कंपनी के बोर्ड की बैठक

ईमेल में कहा गया है, "C3A, C3B, C4 और इसके समकक्ष ग्रेड के कर्मचारियों के लिए जून तिमाही का परफॉर्मेंस बोनस अभी तय किया जाना बाकी है। इसका भुगतान अगस्त 2022 की सैलरी के साथ किया जाएगा।" ईमेल में इस बारे में जानकारी नहीं थी कि परफॉर्मेंस बोनस को अभी क्यों अंतिम रूप से नहीं तय किया जा सका है।

इससे पहले मनीकंट्रोल ने जब इस मामले में TCS से संपर्क किया था, तो कंपनी ने कहा था, "हमारे सभी कंपनसेशन और बोनस साइकल अपने पहले तय से कार्यक्रम के मुताबिक चल रहे हैं।" टीसीएस की प्रतिद्वंदी कंपनियां- विप्रो और इंफोसिस दोनों ने जून तिमाही के लिए दिए जाने वाले वेरिएबल पे में कटौती की है।

Infosys) ने मार्जिन में कमी के कारण मौजूदा वित्त वर्ष की पहली तिमाही में अपने कर्मचारियों को दिए जाने वेरिएबल भुगतान को घटाया है। कंपनी ने बताया कि संस्थान के स्तर पर औसत वेरिएबल भुगतान इस तिमाही में 70 फीसदी रहेगा।

वहीं विप्रो ने अपने मिड और सीनियर लेवल के कर्मचारियों के अप्रैल-जून तिमाही के वेरिएबल के भुगतान को होल्ड कर दिया है। इसके अलावा जूनियर लेवल के कर्मचारियों को उनके जून तिमाही के वेरिएबल का सिर्फ 70 फीसदी दिया जाएगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।