Haldiram Snacks Pvt Ltd Stake Sale: सिंगापुर की सरकारी मल्टीनेशनल इनवेस्टमेंट कंपनी टेमासेक होल्डिंग्स प्राइवेट लिमिटेड भारत की हल्दीराम स्नैक्स प्राइवेट लिमिटेड में माइनॉरिटी हिस्सेदारी खरीदने के लिए बातचीत कर रही है। इस सौदे से हल्दीराम स्नैक्स की वैल्यूएशन करीब 11 अरब डॉलर पर पहुंच सकती है। यह बात ब्लूमबर्ग को मामले की जानकारी रखने वालों से पता चली है।
टेमासेक होल्डिंग्स प्राइवेट लिमिटेड ने हल्दीराम में 10% से 15% हिस्सेदारी खरीदने के लिए शुरुआती दौर की बातचीत की है। सूत्रों ने ब्लूमबर्ग को बताया है कि बातचीत जारी है और यह भी हो सकता है कि कोई सौदा न हो। हल्दीराम्स में हिस्सेदारी खरीदने के लिए अन्य बोलीदाताओं ने भी रुचि दिखाई है।
1930 के दशक में शुरू हुई थी हल्दीराम्स
हल्दीराम स्नैक्स की शुरुआत 1930 के दशक में गंगा बिशन अग्रवाल ने की थी। कंपनी मीठे और नमकीन स्नैक्स से लेकर फ्रोजन मील्स और ब्रेड तक बेचती है। कंपनी की वेबसाइट के अनुसार, हल्दीराम्स के दिल्ली और उसके आसपास 43 रेस्टोरेंट भी हैं। अग्रवाल परिवार कारोबार की बिक्री और संभावित आईपीओ सहित विकल्पों की तलाश कर रहा है।
जुलाई महीने में खबर आई थी कि दिग्गज प्राइवेट इक्विटी फर्म ब्लैकस्टोन इंक, हल्दीराम्स में 51 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल करने के लिए 40000 करोड़ रुपये की बोली लगाने की तैयारी में है। निवेशकों के एक कंसोर्शियम के हिस्से के रूप में बायआउट फंड, हल्दीराम्स में 51 प्रतिशत हिस्सेदारी के लिए लगभग 40,000 करोड़ रुपये की बोली लगा सकता है।
FMCG कारोबारों को एक नई एंटिटी में मर्ज करने की भी तैयारी
अग्रवाल परिवार की दिल्ली और नागपुर शाखाएं हल्दीराम स्नैक्स प्राइवेट लिमिटेड और हल्दीराम फूड्स इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के तहत अपने FMCG कारोबारों को एक नई एंटिटी- हल्दीराम स्नैक फूड्स प्राइवेट लिमिटेड में विलय करने पर काम कर रही हैं। परिवार की दिल्ली शाखा के पास विलय के बाद बनने वाली नई एंटिटी में 56 प्रतिशत हिस्सेदारी होगी, जबकि नागपुर शाखा के पास 44 प्रतिशत हिस्सेदारी होगी। विलय को भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग से मंजूरी मिल गई है और अगले कुछ महीनों में इसके पूरा होने की उम्मीद है।