ज्वैलरी और घड़ी ब्रांड टाइटन (Titan) की कैरेटलेन (CaratLane) ज्वैलरी लाइन की अमेरिकी बाजार में शुरुआत वित्त वर्ष 2024-25 में हो सकती है। यह बात कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर सीके वेंकटरमन (C.K. Venkataraman) ने कही है। एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी विदेश में भारतीय प्रवासियों की ओर से बढ़ती मांग को पूरा करना चाहती है। तनिष्क वित्त वर्ष 2025 के अंत तक विदेश में 40 स्टोर के लक्ष्य तक पहुंच सकती है। तनिष्क ने कोविड-19 महामारी के दौरान अक्टूबर 2020 में दुबई के मीना बाजार में अपना पहला अंतर्राष्ट्रीय स्टोर खोला। कंपनी ने जनवरी 2023 में न्यू जर्सी के लिटिल इंडिया में अपना पहला स्टोर लॉन्च किया।
