स्विट्जरलैंड के सबसे बड़े बैंक UBS ग्रुप ने संकट में फंसे बैंक Credit Suisse को 1 अरब डॉलर में खरीदने की पेशकश की है। फाइनेंशियल टाइम्स ने 19 मार्च को अपनी रिपोर्ट में यह जानकारी दी। बता दें कि Credit Suisse स्विट्जरलैंड का दूसरा बड़ा बैंक है, लेकिन हाल ही में अमेरिका के सिलिकॉन वैली बैंक और सिग्नेचर बैंक के बंद होने बाद अब यह भी डूबने के कगार पर है। 167 साल पुराने इस बैंक का कहना है कि उसे अपने वित्तीय हिसाब-किताब में गंभीर गड़बड़ियों का पता चला है।
इस डील के 17 मार्च को क्रेडिट स्विस के क्लोजिंग प्राइस के एक फ्रैक्शन के भाव पर फाइनल होने की उम्मीद है। इस डील पर आज शाम तक हस्ताक्षर हो सकती है। मामले से परिचित लोगों का हवाला देते हुए रिपोर्ट में कहा गया है कि 19 मार्च को सुबह 0.25 स्विस फ्रैंक (0.27 डॉलर) की कीमत पर यूबीएस स्टॉक में भुगतान करने की पेशकश की गई थी। कल के कारोबारी सत्र में क्रेडिट सुइस के शेयर 1.86 स्विस फ्रैंक पर बंद हुए।
6 अरब डॉलर की बैंक गारंटी की मांग
क्रेडिट स्विस, यूबीएस ग्रुप और स्विस सरकार ने इस रिपोर्ट पर अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। बता दें कि इसके पहले एक रिपोर्ट में यह बात सामने आई थी कि यूबीएस बैंक ने इस अधिग्रहण के लिए स्विस सरकार से लगभग 6 अरब डॉलर की बैंक गारंटी की मांग की है। इस गारंटी का इस्तेमाल क्रेडिट स्विस के कुछ हिस्सों को बंद करने की लागत और संभावित मुकदमेबाजी शुल्क को कवर करने के लिए करने की बात कही गई थी।
पिछले सप्ताह शेयरों में आई थी बड़ी गिरावट
क्रेडिट सुइस के शेयरों में पिछले सप्ताह बड़ी गिरावट देखने को मिली थी। कंपनी दुनिया के सबसे बड़े वेल्थ मैनेजर्स में से एक है और इसे 30 ग्लोबल सिस्टमैटिक इंपोर्टेंट बैंकों में से एक माना जाता है, यानी इसकी विफलता पूरे फाइनेंशियल सिस्टम को प्रभावित कर सकती है।