दिवालिया हो चुकी दिग्गज क्रिप्टो एक्सचेंज FTX के फाउंडर सैम बैंकमैन फ्रायड पर अमेरिका ने एक और आरोप लगाया है। सैम पर आरोप है कि उन्होंने चीन के अधिकारियों को 4 करोड़ डॉलर का रिश्वत दिया था ताकि वे उसके हेज फंड के खातों को फ्रीज से हटा दें। घूस के इस नए आरोप के बाद अब 31 वर्षीय सैम पर 13 आरोप हो चुके हैं। इससे पहले उन पर अपने अलामेडा रिसर्च हेज फंड (Alameda Research Hedge Fund) का घाटा कम करने के लिए ग्राहकों के अरबों डॉलर चुराने और अमेरिकी राजनीति में अपना प्रभाव बढ़ाने के लिए अवैध कैंपेन डोनेशन स्कीम चलाने का आरोप लगाया था।
आरोपों के मुताबिक सैम ने अलामेडा के मुख्य ट्रेडिंग अकाउंट से एक प्राइवेट वॉलेट में 4 करोड़ डॉलर के क्रिप्टो पेमेंट का आदेश दिया था। यह आदेश इसलिए दिया गया था ताकि चाइनीज अधिकारी अलामेडा के खातों को फ्रीज से हटा सके जिसमें 100 करोड़ डॉलर से अधिक की क्रिप्टोकरेंसी थी। इन खातों को एक मामले की जांच के दौरान फ्रीज किया गया था और एफटीएक्स के फाउंडर ने चाइनीज अधिकारियों को फ्रीज हटाने के लिए घूस देने की कोशिश की लेकिन उसकी कोशिश सफल नहीं हुई।
अमेरिकी अधिकारियों का यह भी कहना है कि सैम ने नवंबर 2021 में घूस की पूरी रकम देने के लिए करोड़ों डॉलर के क्रिप्टो भेजने का भी आदेश दिया था। घूस के नए आरोप को लेकर सैम की मैनहट्टन फेडरल कोर्ट में यूएस डिस्ट्रिक्ट जज लुइस कपलान के सामने पेशी हो सकती है। सीएनबीसी टीवी18 को सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक सैम इस मामले में अपनी गलती स्वीकार नहीं करेंगे यानी खुद को निर्दोष पेश करेंगे। 13 में से आठ मामलों में सैन ने खुद को दोषी नहीं माना है।
बिना इंटरनेट वाला मोबाइल इस्तेमाल करने की इजाजत
अमेरिकी प्रॉसीक्यूटर्स और रेगुलेटर्स डिजिटल एसेट एक्सचेंजों के गलत इस्तेमाल को रोकने के लिए सख्ती कर रहा है और इसकी के तहत एफटीएक्स के फाउंडर पर कार्रवाई हो रही है। मंगलवार को कपलान ने सैम के 25 करोड़ डॉलर के बेल पैकेज में बदलाव को मंजूरी दी है। इसके जरिए यह तय करने की कोशिश की गई है कि गवाहों के साथ छेड़छाड़ न हो सके। इस बदलाव के चलते सैम बिना इंटरनेट वाला फोन और सीमित फंक्शन्स वाला बेसिक लैपटॉप ही इस्तेमाल कर सकते हैं। लैपटॉप में निगरानी के लिए सॉफ्टवेयर भी है। इसके अलावा वह कुछ ही इलेक्ट्रॉनिक्स का इस्तेमाल कर सकते हैं।
ये सभी बदलाव इसलिए किए गए हैं क्योंकि कपलान ने गवाहों के साथ छेड़छाड़ के मामले में जेल भेज देने की चेतावनी दी थी। हालांकि एफटीएक्स के फाउंडर के वकील का कहना है कि उनके क्लाइंट ने क्रिप्टो एक्सचेंज के मौजूदा एक्जेक्यूटिव्स से मदद मांगी है लेकिन हस्तक्षेप नहीं करने को कहा है। हालांकि वह भी इस बात पर सहमत हैं कि इलेक्ट्रॉनिक्स के इस्तेमाल पर रोक की शर्तें सही हैं।