Vistara-Air India Merger: बजट एयरलाइन विस्तारा का एयर इंडिया में अगले महीने यानि नवंबर में विलय होने जा रहा है। एयर इंडिया ने कहा है कि विलय के बाद विस्तारा के एयरक्राफ्ट से संचालित उड़ानों के नंबरों की शुरुआत ‘AI2’ से होगी। कंपनी ने कहा कि विस्तारा के एयरक्राफ्ट, क्रू और सर्विस पहले की तरह ही ऑपरेशनल रहेगी। टाटा समूह के मालिकाना हक वाली एयर इंडिया का कहना है कि विलय के बाद भी विस्तारा का अनुभव बरकरार रहेगा।
विस्तारा टाटा समूह और सिंगापुर एयरलाइंस का जॉइंट वेंचर है। इसका एयर इंडिया में विलय 12 नवंबर को होगा। विस्तारा प्लेन जिन रूट्स पर उड़ान भरते हैं, उनके लिए बुकिंग एयर इंडिया की वेबसाइट पर रीडायरेक्ट की जाएंगी।
विलय को सहज बनाने के लिए एक साल से हो रही कवायद
कुछ लोगों में इस बात को लेकर चिंता है कि क्या विस्तारा के यात्रियों को विलय के बाद भी अभी जैसी ही सर्विसेज मिलती रहेंगी। इसकी वजह है कि बदलाव के दौर से गुजर रही एयर इंडिया को हाल के दिनों में सर्विसेज से जुड़ी कुछ समस्याओं का सामना कर रही है। एयर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा है कि एयर इंडिया और विस्तारा की टीम्स यह सुनिश्चित करने के लिए एक साल से अधिक समय से कड़ी मेहनत कर रही हैं कि इनका विलय ग्राहकों और कर्मचारियों दोनों के लिए सहज हो।
प्रवक्ता ने बयान में कहा, “हालांकि, कानूनी संस्थाएं और एयर ऑपरेटर सर्टिफिकेट्स 12 नवंबर को एक हो जाएंगे, लेकिन विस्तारा का अनुभव बरकरार रहेगा। विस्तारा एयरक्राफ्ट, क्रू और सर्विसेज पहले की तरह संचालित होती रहेंगी, लेकिन AI2 से शुरू होने वाली फ्लाइट्स airindia.com के माध्यम से बुक की जा सकेंगी।”
एयर इंडिया का एयरलाइन कोड 'AI'
एयर इंडिया का एयरलाइन कोड 'AI' है और विस्तारा का 'UK' है। विलय के बाद विस्तारा बंद हो जाएगी। विस्तारा पहले ही कह चुकी है कि कस्टमर 12 नवंबर को या उसके बाद ट्रैवल करने के लिए 3 सितंबर से विस्तारा की फ्लाइट बुक नहीं कर सकेंगे। 11 नवंबर के बाद सभी विस्तारा प्लेन्स एयर इंडिया द्वारा ऑपरेट किए जाएंगे। विस्तारा के एयर इंडिया में विलय के बाद सिंगापुर एयरलाइंस को एयर इंडिया में 25.1 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल होगी।