Vistara-Air India Merger: विस्तारा एयरलाइन आज 11 नवंबर को अपनी आखिरी उड़ान भरेगी। इसके बाद इसका एयर इंडिया में विलय हो जाएगा। इस मौके पर एयर इंडिया ने यात्रियों को भरोसा दिया कि टाटा ग्रुप की इन दोनों एयरलाइन के एक हो जाने के बाद भी यात्रियों के ट्रैवल एक्सपीरियंस से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। विस्तारा एयरलाइन की आखिरी घरेलू उड़ान मुम्बई से दिल्ली की ओर जाएगी। यह फ्लाइट संख्या UK986 होगी, जो मुंबई एयरपोर्ट से रात 10:50 बजे रवाना होगी। वहीं, विस्तारा की आखिरी इंटरनेशनल उड़ान दिल्ली से सिंगापुर के लिए UK115 होगी, जो रात 11:45 बजे दिल्ली से उड़ान भरेगी।
मर्जर के बाद एयर इंडिया का नया सफर
12 नवंबर से विस्तारा के नाम से कोई भी नई बुकिंग नहीं हो सकेगी, हालांकि एयर इंडिया अभी भी विस्तारा के रंग वाले सभी विमानों को ऑपरेट करेगी। इन विमानों के स्टाफ भी पहले की तरह ही विस्तारा के ड्रेस पहने हुए होंगे, जिनमें पायलट और क्रू शामिल हैं। विस्तार के स्टाफ भी अब भी एयर इंडिया के कर्मचारी बन जाएंगे और जल्द ही विस्तारा ब्रांडिंग वाली यूनिफॉर्म भी एयर इंडिया की यूनिफॉर्म से बदल दी जाएगी। एयर इंडिया ने बताया कि विस्तारा के क्रू और ग्राउंड स्टाफ की सैलरी को भी एक समान स्ट्रक्चर पर लाया जा चुका है।
अब विस्तारा की सभी उड़ानें एयर इंडिया के चार अंकों वाले कोड के साथ ऑपरेट की जाएंगी। उदाहरण के लिए, विस्तारा की फ्लाइट UK955 अब AI 2955 के रूप में पहचानी जाएगी। एयर इंडिया ने लगभग सभी बड़े एयरपोर्ट्स पर हेल्स सेंटर बनाए हैं ताकि विस्तारा के टिकट लेकर पहुंचे यात्रियों को सही जानकारी और सहायता दी जा सके।
मर्जर के बाद पहले महीने में, एयर इंडिया को उम्मीद है कि वह विस्तारा पर पहले से बुकिंग करा चुके करीब 1,15,000 यात्रियों को सेवाएं देगी। इस बीच, विस्तारा के 2,70,000 ग्राहक पहले ही एयर इंडिया के सिस्टम में ट्रांसफर हो चुके हैं। लॉयल्टी प्रोगाम को भी ट्रांसफर किए जाने की प्रक्रिया चल रही है। विस्तारा के लॉयल्टी प्रोग्राम ‘क्लब विस्तारा’ को एयर इंडिया के ‘फ्लाइंग रिटर्न्स’प्रोग्राम में ट्रांसफर किया जा रहा है और फिर इसे ‘महाराजा क्लब’ के नाम से नया ब्रांड बनाकर पेश किया जाएगा। विस्तारा के लगभग 45 लाख सदस्यों को एयर इंडिया के इस नए प्रोग्राम में शामिल किया जाएगा, जिसमें उनके सभी पॉइंट्स और टियर स्टेटस 1:1 के अनुपात में ट्रांसफर होंगे।
विस्तारा की प्रीमियम सेवाएं रहेंगी बरकरार
विस्तारा की प्रीमियम केटरिंग सेवाएं अब एयर इंडिया के साथ जुड़ने जा रही हैं, जिससे यात्रियों को भोजन के बेहतर विकल्प मिलेंगे। विस्तारा की तरह एयर इंडिया पर भी प्रीमियम इकोनॉमी क्लास उपलब्ध होगी, जो विस्तारा के विमानों और क्रू की ओर संचालित की जाएगी।
एयर इंडिया के सीईओ कैंपबेल विल्सन ने बताया कि विस्तारा की ‘वर्ल्ड-क्लास सर्विस’ को एयर इंडिया के मैनेजमेंट के तहत बरकरार रखा जाएगा। विस्तारा के पूर्व सीईओ विनोद कन्नन ने कहा कि मर्जर का उद्देश्य यात्रियों को अधिक विकल्प देना और यात्रा अनुभव को बढ़ाना है। अपनी विदाई के मौके पर विस्तारा ने अपने सभी ग्राहकों का धन्यवाद व्यक्त किया है और इस नए सफर में एयर इंडिया के साथ उनके साथ बने रहने की आशा जताई है।
सिंगापुर एयरलाइंस को मिलेगी एयर इंडिया में हिस्सेदारी
विस्तारा सिंगापुर एयरलाइंस की भी हिस्सेदारी थी। अब मर्जर के बाद सिंगापुर एयरलाइंस को एयर इंडिया में 25.1 प्रतिशत हिस्सेदारी मिलेगी। नई एयरलाइन के पास 200 से अधिक विमानों का बेड़ा होगा, जो 90 घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय डेस्टिनेशन के लिए कनेक्टिविटी मुहैया कराएगी। टाटा ग्रुप की ओर अधिग्रहण के बाद, एयर इंडिया और विस्तारा दोनों के सालाना घाटे में पिछले साल की तुलना में आधे से अधिक की कमी आई है, और दूसरे ऑपरेटिंग मोर्चों में भी सुधार हुआ है।