Yes Bank में सीनियर लेवल पर हो सकते हैं 2 इस्तीफे, पोर्टफोलियो में फेरबदल मुमकिन; शेयर 4% गिरा

Yes Bank में सीनियर पोजिशंस पर ये एग्जिट, बैंक में ब्रॉडर इंटर्नल रीस्ट्रक्चरिंग के साथ मेल खाते हैं। इस रीस्ट्रक्चरिंग का मकसद ऑपरेशनल एफिशिएंसी को बढ़ाना और लागत को कम करना है। जून 2024 में बैंक ने थोक, खुदरा और ब्रांच बैंकिंग सेगमेंट्स सहित विभिन्न विभागों में लगभग 500 कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया था

अपडेटेड Apr 04, 2025 पर 7:37 PM
Story continues below Advertisement
4 अप्रैल को यस बैंक का शेयर BSE पर 4 प्रतिशत गिरावट के साथ 17.20 रुपये पर बंद हुआ।

प्राइवेट सेक्टर के यस बैंक (Yes Bank) में सीनियर लेवल पर दो अधिकारी इस्तीफा दे सकते हैं। यह इस्तीफे प्राइवेट और SME बैंकिंग वर्टिकल से होंगे। इसके कारण पोर्टफोलियो में फेरबदल हो सकता है। यह बात CNBC-TV18 को मामले की जानकारी रखने वाले लोगों से मिली है। बैंक से जाने वाले 2 अधिकारी धवन शाह और अक्षय सप्रू हैं। शाह SME बैंकिंग के कंट्री हेड हैं। वहीं सप्रू प्राइवेट बैंकिंग एंड लायबिलिटीज प्रोडक्ट्स और स्पेक्ट्रम बैंकिंग बिजनेस के कंट्री हेड हैं। इनके जाने का सही कारण अभी पता नहीं चल पाया है।

इन अधिकारियों के यस बैंक से जाने से बैंक के सीनियर मैनेजमेंट के बीच पोर्टफोलियो में फेरबदल की संभावना है। बैंक में सीनियर पोजिशंस पर ये एग्जिट, बैंक में ब्रॉडर इंटर्नल रीस्ट्रक्चरिंग के साथ मेल खाते हैं। इस रीस्ट्रक्चरिंग का मकसद ऑपरेशनल एफिशिएंसी को बढ़ाना और लागत को कम करना है।

इन एग्जिट पर CNBC-TV18 के सवाल के जवाब में, Yes Bank के प्रवक्ता ने कहा, "यस बैंक अपनी ट्रांसफॉरमेशनल जर्नी के अगले चरण में प्रवेश कर रहा है। ऐसे में हम कस्टमर-सेंट्रिक बैंक के रूप में अपनी पोजिशन को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। ऑर्गेनाइजेशन को सुव्यवस्थित करने की प्रक्रिया के हिस्से के रूप में, हम एफिशिएंसीज को ऑप्टिमाइज करने और ग्राहक अनुभव को बेहतर बनाने के लिए सभी फंक्शंस में तालमेल बैठा रहे हैं। यह रीस्ट्रक्चरिंग हर टचपॉइंट पर सहज और सुसंगत समाधान सुनिश्चित करने के लिए एक रणनीतिक कदम है। हमारा फोकस अपने ग्राहकों को बेजोड़ सेवा और सुविधा प्रदान करते हुए प्रॉफिटेबल ग्रोथ को आगे बढ़ाने पर है।"


जून 2024 में की थी छंटनी

जून 2024 में बैंक ने थोक, खुदरा और ब्रांच बैंकिंग सेगमेंट्स सहित विभिन्न विभागों में लगभग 500 कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया था। यह कदम ऑपरेशंस को स्ट्रीमलाइन करने और डिजिटल बैंकिंग सॉल्यूशंस पर फोकस करने के रणनीतिक प्रयास का हिस्सा था, ताकि मैन्युअल प्रोसेस को कम किया जा सके। प्रभावित कर्मचारियों को 3 महीने की सैलरी के बराबर सेवरेंस पैकेज दिया गया था।

Trump Reciprocal Tariff: ट्रंप के रेसिप्रोकल टैरिफ से क्या इंडियन कंपनियों को बड़ा फायदा होने जा रहा है?

Yes Bank का शेयर 4 प्रतिशत गिरकर बंद

4 अप्रैल को यस बैंक का शेयर बीएसई पर 4 प्रतिशत गिरावट के साथ 17.20 रुपये पर बंद हुआ। बैंक का मार्केट कैप 54000 करोड़ रुपये के करीब है। अक्टूबर-दिसंबर 2024 तिमाही में यस बैंक के ऑपरेटिंग खर्च 13% से अधिक की सालाना वृद्धि के साथ 2,657 करोड़ रुपये पर पहुंच गए थे। दिसंबर तिमाही में बैंक का स्टाफ एक्सपेंस भी सालाना आधार पर 10% से अधिक बढ़कर 1,004 करोड़ रुपये हो गया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।