Get App

धनतेरस पर सोने और चांदी खरीदने उमड़े लोग, कुल खरीदारी 50,000 करोड़ रुपये पहुंच जाने की उम्मीद

दिवाली फेस्टिवल के पहले दिन यानी धनतेरस पर लोगों में काफी उत्साह है। आज धनतेरस पर देश में 50,000 करोड़ रुपये की खरीदारी का अनुमान है। 5,000 करोड़ रुपये की खरीदारी सिर्फ दिल्ली में हुई है। कनफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) ने यह अनुमान जताया है

MoneyControl Newsअपडेटेड Nov 10, 2023 पर 4:09 PM
धनतेरस पर सोने और चांदी खरीदने उमड़े लोग, कुल खरीदारी 50,000 करोड़ रुपये पहुंच जाने की उम्मीद
पिछले साल धनतेरस पर लोगों ने 25,000 करोड़ रुपये की खरीदारी की थी। तब सोने की कीमत 52,000 रुपये प्रति 10 ग्राम थी। आज यह 62,000 रुपये प्रति 10 ग्राम है।

पांच दिन के दिवाली त्योहार की शुरुआत आज (10 नवंबर) से हो गई है। आज धनतेरस है। 11 नवंबर को रूपचतुर्दशी है। 12 नवंबर को दिवाली मनाई जाएगी। 13 नवंबर को गोवर्द्धन पूजा और अन्नकूट है। 15 नवंबर को भैया दूज है। दिवाली फेस्टिवल के पहले दिन यानी धनतेरस पर लोगों में काफी उत्साह है। आज धनतेरस पर देश में 50,000 करोड़ रुपये की खरीदारी का अनुमान है। 5,000 करोड़ रुपये की खरीदारी सिर्फ दिल्ली में हुई है। कनफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) ने यह अनुमान जताया है। धनतेरस पर सोने-चांदी खरीदने का चलन है। माना जाता है कि इस मौके पर बहुमूल्य धातु खरीदने से घर-परिवार में समृद्धि आती है। कई लोग इस मौके पर सोने के बिस्कुट और कॉइन खरीदते हैं। कई लोग बरतन खरीदते हैं। आज दिल्ली सहित देश के बड़े शहरों में बाजारों में खूब चहल-पहल है। लोगों की अच्छी भीड़ दिख रही है।

धनतेरस पर सोना-चांदी खरीदना शुभ

CAIT के नेशनल प्रेसिडेंट बीसी भरतिया और महासचिव प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि धनतेरस के दिन श्री गणेश और श्री लक्ष्मी के साथ श्री कुबेर जी की प्रतिमा और फोटो लोग खरीदते हैं। इस दिन कई लोग नई गाड़ियां खरीदते हैं। इसके लिए पहले से बुकिंग कराई जाती है। गाड़ी की डिलीवरी लोग धनतेरस के दिन लेते हैं। कई लोग सोना-चांदी और बरतन खरीदते हैं। ऑल इंडिया ज्वेलर्स और गोल्डस्मिथ्स फेडरेशन के प्रेसिडेंट पंकज अरोड़ा ने कहा कि दोपहर तक देशभर में करीब 30,000 करोड़ रुपये मूल्य के सोना-चांदी और दूसरी चीजों की खरीदारी हो गई थी।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें