करीब 98 साल पुराना बजाज ग्रुप (Bajaj Group) अब हेल्थकेयर सेक्टर में एंट्री करने जा रहा है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, बजाज ग्रुप की योजना एक हॉस्पिटल चेन खोलने की है, जिसकी शुरुआत पहले मेट्रो शहरों से होगी। फरवरी 2022 में ग्रुप के सरंक्षक राहुल बजाज की मृत्यु के बाद यह इस कारोबारी घराने का पहला बड़ा डायवर्सिफिकेशन होगा। इकनॉमिक टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, फिलहाल यह योजना शुरुआती चरणों में है और हेल्थकेयर बिजनेस में उतरने के लिए ग्रुप एक नई कंपनी बना सकता है। रिपोर्ट में कहा गया है कि ग्रुप की स्टील कंपनी, मुकंद में कॉरपोरेट स्ट्रैटजी के प्रमुख नीरव बजाज इस प्रोजेक्ट को देख रहे हैं और काफी संभावना है कि नए बिजनेस की कमान वहीं संभालेंगे।
