कोल इंडिया अपनी सब्सिडियरी BCCL में बेचेगी 25% हिस्सेदारी, IPO लॉन्च करने की भी तैयारी

कोल इंडिया लिमिटेड (CIL) ने गुरुवार को कहा कि वह अपनी सब्सिडियरी कंपनी भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) में 25 प्रतिशत हिस्सेदारी बेचेगी

अपडेटेड May 26, 2022 पर 5:55 PM
Story continues below Advertisement
कोल इंडिया के बोर्ड ने BCCL को लिस्ट कराने की योजना को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है

पब्लिक सेक्टर की कंपनी कोल इंडिया लिमिटेड (CIL) ने गुरुवार को कहा कि वह अपनी सब्सिडियरी कंपनी भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) में 25 प्रतिशत हिस्सेदारी बेचेगी। कोल इंडिया ने साथ ही यह भी जानकारी दी कि वह जरूरी मंजूरी मिल जाने के बाद वह आगे चलकर इस सब्सिडियरी कंपनी का इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) लाएगी और इसे शेयर बाजार में लिस्ट कराएगी।

Coal India ने शेयर बाजारो को भेजी एक सूचना में बताया कि इस मुद्दे पर चर्चा करने के लिए उसके बोर्ड ऑफ डायरेक्टर की बीते 10 मार्च, 2022 को एक बैठक हुई थी। कंपनी ने बताया, "कोयला मंत्रालय की सलाह के तहत कोल इंडिया की 10 मार्च 2022 को 438वीं बैठक में कोल इंडिया को बीसीसीएल में 25 प्रतिशत हिस्सेदारी बेचने और शेयर बाजार में सूचीबद्ध कराने को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी गई है। कंपनी को इस बारे में प्रस्ताव मंत्रालय को भेजने का सुझाव दिया गया।"

कोल इंडिया ने कहा कि सरकार से जरूरी मंजूरी के बाद इस दिशा में कदम उठाया जाएगा। सूचना के अनुसार, "कोयला मंत्रालय से मंजूरी मिलने के बाद कोल इंडिया के बोर्ड ऑफ डायरेक्ट के सामने इस प्रस्ताव को रखा जाएगा।" वित्त वर्ष 2020-21 में BCCL का उत्पादन 2.46 करोड़ टन रहा जबकि लक्ष्य 3.71 करोड़ टन था।


यह भी पढ़ें- गिरते बाजार में हरगिज न करें ये गलतियां, चुकानी पड़ सकती है भारी कीमत

BCCL का वित्त वर्ष 2021 के दौरान कुल टर्नओवर 6,149.81 करोड़ रुपये रहा था, जो इसके पिछले वित्त वर्ष में 8,967.56 करोड़ रुपये था। कुल बिक्री में कमी के चलते कंपनी वित्त वर्ष 2021 के दौरान अपना मुनाफा बरकरार नहीं रख सकी थी। वित्त वर्ष 2021 के दौरान कंपनी को 1,577.06 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा हुआ था, जबकि इसके पिछले वित्त वर्ष में उसने 991.12 करोड़ रुपये का मुनाफा (प्रॉफिट बिफोर टैक्स) दर्ज किया था।

कोकिंग कोल की खानों को चलाने के लिए कोल इंडिया ने जनवरी 1972 में भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) की स्थापना की थी। इसका मुख्यालय धनबाद में है। ये कोकिंग कोल की खानें मुख्यतः रानीगंज और झरिया कोयलाक्षेत्रों में स्थित हैं। भारत सरकार ने 16 अक्टूबर 1971 को इन खानों का राष्ट्रीयकरण कर दिया था।

इस बीच कोल इंडिया के शेयर गुरुवार को बीएसई पर 1.41 फीसदी की बढ़त के साथ 183.15 रुपये पर बंद हुए। साल 2022 की शुरुआत के बाद से अभी तक कोल इंडिया के शेयरों में करीब 18 फीसदी की तेजी आ चुकी है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।