Dabur Q2 Results: एफएमसीजी सेक्टर की दिग्गज कंपनी डाबर इंडिया लिमिटेड (Dabur India Ltd) के लिए चालू वित्त वर्ष 2022-23 की दूसरी तिमाही थोड़ी फीकी रही। डाबर का कंसालिडेटेड नेट प्रॉफिट जुलाई-सितंबर की तिमाही में 2.85 फीसदी घटकर 490.86 करोड़ रुपये रह गया।
डाबर इंडिया ने बुधवार 26 अक्टूबर को शेयर बाजार को भेजी गई सूचना में यह जानकारी दी। इससे पिछले वित्त वर्ष 2021-22 की सितंबर तिमाही में कंपनी ने 505.31 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट कमाया था।
नेट प्रॉफिट में गिरावट लेकिन बढ़ा ऑपरेशनल रेवेन्यू
सितंबर 2022 तिमाही में कंपनी के नेट प्रॉफिट में गिरावट रही लेकिन इसी अवधि में कंपनी के ऑपरेशनल रेवेन्यू में उछाल रही। रेगुलेटरी फाइलिंग में दी गई जानकारी के मुताबिक कंपनी की ऑपरेशनल रेवेन्यू वित्त वर्ष 2022-23 की दूसरी तिमाही में छह फीसदी बढ़कर 2,986.49 करोड़ रुपये पर पहुंच गई।
पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में यह 2,817.58 करोड़ रुपये थी। इसके अलावा डाबर इंडिया का कुल खर्च भी सितंबर 2022 तिमाही में 8.94 फीसदी बढ़कर 2,471.28 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले की समान अवधि में यह 2,268.47 करोड़ रुपये था।
नतीजे से पहले कमजोर हुए शेयर
डाबर इंडिया के सितंबर 2022 तिमाही के नतीजे आज आए हैं। इसके एक दिन पहले जब घरेलू इक्विटी मार्केट में कारोबार हुआ था तो इसके शेयरों में बिकवाली का दबाव दिखा। डाबर के शेयर 0.93 फीसदी की गिरावट के साथ बीएसई पर 532.10 रुपये के भाव पर 25 अक्टूबर को बंद हुए थे।