Infosys Q1 Results: शुद्ध मुनाफा 11% बढ़कर ₹5,945 करोड़ रहा, कंपनी ने FY24 के ग्रोथ अनुमानों में की कटौती

Infosys Q1 Results: दिग्गज भारतीय आईटी कंपनी इंफोसिस (Infosys) ने गुरुवार 20 जुलाई को मौजूदा वित्त वर्ष की पहली तिमाही (अप्रैल-जून 2023) के नतीजे जारी किए। कंपनी ने बताया कि जून तिमाही में उसका शुद्ध मुनाफा 11 फीसदी बढ़कर 5,945 करोड़ रुपये रहा, जो इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 5,362 करोड़ रुपये था

अपडेटेड Jul 20, 2023 पर 4:39 PM
Infosys ने गुरुवार को मौजूदा वित्त वर्ष की पहली तिमाही के नतीजे जारी किए

Infosys Q1 Results: देश की दूसरी सबसे बड़ी आईटी कंपनी इंफोसिस (Infosys) ने गुरुवार 20 जुलाई को मौजूदा वित्त वर्ष की पहली तिमाही (अप्रैल-जून 2023) के नतीजे जारी किए। कंपनी ने बताया कि जून तिमाही में उसका शुद्ध मुनाफा 11 फीसदी बढ़कर 5,945 करोड़ रुपये रहा, जो इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 5,362 करोड़ रुपये था। हालांकि कंपनी का यह मुनाफा एक्सपर्ट्स के अनुमानों से कम रहा है। एक्सपर्ट्स को जून तिमाही में इंफोसिस का मुनाफा 6,193.5 करोड़ रुपये रहने का अनुमान था। कंपनी का कंसॉलिडेटेड रेवेन्यू जून तिमाही में सालाना आधार पर 10 फीसदी बढ़कर 37,933 करोड़ रुपये रहा। वहीं इसका ऑपरेटिंग मार्जिन 20.8 फीसदी रहा, जो इसकी पिछली तिमाही में रहे 21 फीसदी से कम है।

आईटी कंपनी ने इसके साथ वित्त वर्ष 2024 के अपने रेवेन्यू अनुमानों में भी 1 से 3.5% तक की कटौती की है। पहले इसने इस वित्त वर्ष में अपने रेवेन्यू के 4 से 7 फीसदी के बीच रहने का अनुमान जताया था। हालांकि इसने ऑपरेटिंग मार्जिन के अनुमान को 20-22% पर बरकरार रखा है।

इंफोसिस ने बताया कि जून तिमाही में उसे मिले बड़ी डील की कुल कॉन्ट्रैक्ट वैल्यू 2.3 अरब डॉलर रही, जो इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 2.1 अरब डॉलर था। कंपनी ने यह सूचना ऐसे समय में दी है, जब उसे हाल ही 2 प्रमुख डील मिलने का ऐलान किया था। इसमें BP के साथ 1.5 अरब डॉलर की एक डील और दूसरा डांस्के बैंक के साथ हुआ 45.4 करोड़ डॉलर का समझौता शामिल है।


यह भी पढ़ें- Stock Market: मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों का प्रदर्शन फीका, निवेशकों को ₹53,000 करोड़ की लगी चपत

आईटी कंपनी ने इस सप्ताह यह भी ऐलान किया कि उसने आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (AI) और ऑटोमेशन-आधारित विकास, आधुनिकीकरण और रखरखाव सेवाएं देॉने के लिए एक मौजूदा ग्राहक के साथ एक समझौता किया है, जहां 5 सालों में खर्च 2 बिलियन डॉलर होगा।

इंफोसिस के नतीजे शेयर बाजार का कारोबार बंद होने के बाद आया है। गुरुवार को कंपनी के शेयर एनएसई पर 2.18 फीसदी गिरकर 1,442.75 रुपये के भाव पर बंद हुए। हालांकि पिछले एक महीने में कंपनी के शेयरों में 11.04 फीसदी की तेजी आई है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।