Nestle India July-September Quarter Result: मैगी, किटकैट, नैस्कैफे प्रोडक्ट्स की मैन्युफैक्चरर नेस्ले इंडिया ने जुलाई-सितंबर 2024 तिमाही के वित्तीय नतीजे घोषित कर दिए हैं। तिमाही के दौरान कंपनी का ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू सालाना आधार पर 1.33 प्रतिशत बढ़कर 5104 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले यह 5036.82 करोड़ रुपये था। शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर मामूली तौर पर कम होकर 899.49 करोड़ रुपये हो गया, जो सितंबर 2023 तिमाही में 908 करोड़ रुपये था।
17 अक्टूबर को नेस्ले इंडिया शेयर में गिरावट है। बीएसई पर शेयर सुबह बढ़त के साथ 2482.50 रुपये पर खुला। लेकिन फिर यह लाल निशान में आया और पिछले बंद भाव से लगभग 4 प्रतिशत गिरकर 2364.80 रुपये के लो तक गया। कारोबार खत्म होने पर शेयर 3 प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट के साथ 2379.70 रुपये पर सेटल हुआ।
FY25 की पहली छमाही के क्या रहे आंकड़े
Nestle India के अप्रैल-सितंबर 2024 छमाही के नतीजों की बात करें तो इस अवधि में कंपनी का ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू सालाना आधार पर 2.29 प्रतिशत बढ़कर 9917.95 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले यह 9695.35 करोड़ रुपये था। शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा इस छमाही में सालाना आधार पर 2.46 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 1646 करोड़ रुपये हो गया, जो सितंबर 2023 छमाही में 1606.42 करोड़ रुपये था।
कमोडिटी की कीमतें विशेष रूप से कॉफी और कोको के लिए उच्च बनी हुई हैं। साथ ही अनाज और खाद्य तेलों की कीमतें भी हाल के घटनाक्रमों के साथ बढ़ रही हैं। नतीजों पर नेस्ले इंडिया के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर सुरेश नारायणन ने कहा, "इस तिमाही में हमारे टॉप 12 ब्रांड्स में से 5 ने डबल डिजिट में वृद्धि देखी। हालांकि कुछ प्रमुख ब्रांड्स ने कमजोर उपभोक्ता मांग के कारण दबाव देखा। हमारा उन पर फोकस है और मजबूत कार्य योजनाएं बनाई गई हैं। यह जानकर खुशी होती है कि पिछले 9 महीनों में, मैगी नूडल्स सहित हमारे टॉप 12 ब्रांड्स में से 65% ने पॉजिटिव वॉल्यूम ग्रोथ दिखाई।"