Persistent Systems Q3 Results: आईटी सेक्टर की कंपनी परसिस्टेंट सिस्टम्स ने बुधवार 22 जनवरी को मौजूदा वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही के नतीजे जारी किए। कंपनी ने बताया कि 31 दिसंबर को खत्म हुई तिमाही में उसका शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 30.4 फीसदी बढ़कर 373 करोड़ रुपये रहा। दिसंबर तिमाही को आईटी सेक्टर के लिए हमेशा से कमजोर तिमाही माना जाता है। हालांकि इसके बावजूद कंपनी को AI-आधारित, प्लेटफॉर्म सर्विस रणनीति से अपना मुनाफा बढ़ाने में मदद मिली। तिमाही आधार पर कंपनी के शुद्ध मुनाफे में 14.8 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई। नतीजों के साथ ही कंपनी ने हर शेयर पर 20 रुपये के अंतरिम डिविडेंड का भी ऐलान किया है।
