SBI Q3 results : स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने दिसंबर में समाप्त तिमाही के दौरान सालाना आधार पर 62 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 8,431.9 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट दर्ज किया, जबकि बीते साल की समान तिमाही में उसे 5,196.22 करोड़ रुपये का प्रॉफिट हुआ था। हालांकि, बैंक का नेट प्रॉफिट एनालिस्ट्स के 7,957.4 करोड़ रुपये के अनुमान से भी ज्यादा है।
इंटरेस्ट इनकम में बढ़ोतरी
एसबीआई द्वारा शनिवार, 5 फरवरी को जारी नतीजों के मुताबिक, चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में उसकी इंटरेस्ट इनकम 6.5 फीसदी बढ़कर 30,687 करोड़ रुपये हो गई, जो बाजार के 30,687 करोड़ रुपये के अनुमान से कम है। हालांकि, नेट इंटरेस्ट मार्जिन सालाना आधार पर 6 बेसिस प्वाइंट बढ़कर 3.4 फीसदी हो गया, जो उम्मीद के अनुरूप रहा।
सालाना आधार पर प्रोविजन में कमी
बैंक ने कहा, भले ही सालाना आधार पर प्रोविजन घट गए, लेकिन लोन लॉस प्रोविजन 2,290 करोड़ रुपये से बढ़कर 3,096 करोड़ रुपये हो गए। लेंडर ने कहा, कोविड-19 से संबंधित प्रोविजंस 6,183 करोड़ रुपये रहे। कोविड-19 रिजॉल्युशंस प्लान- 1.0 और 2.0 के तहत एसबीआई की रिस्ट्रक्चरिंग बुक 32,895 करोड़ रुपये या लोन बुक की 1.2 फीसदी रही।
रिटेल लोन बुक में 14.6 फीसदी की ग्रोथ
सरकार के स्वामित्व वाले लेंडर ने कहा कि तिमाही के दौरान उसकी कुल क्रेडिट ग्रोथ सालाना आधार पर 8.5 फीसदी रही, जबकि घरेलू लोन ग्रोथ 6.5 फीसदी रही। यह बाजार के अनुमान के मुताबिक ही रही। एसबीआई ने कहा, लोन बुक में रिटेल बुक की ग्रोथ 14.6 फीसदी रही, वहीं होम लोन की सालाना आधार पर 11.2 फीसदी रही। कॉरपोरेट और स्माल बिजनेस सेगमेंट में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई।