Wipro Results: दिग्गज आईटी कंपनी विप्रो (Wipro) के कर्मचारियों की संख्या मार्च तिमाही में 6,180 घट गई। यह लगातार छठवीं तिमाही है, जब विप्रो के कर्मचारियों की संख्या में गिरावट आई है। वहीं सालाना आधार पर, वित्त वर्ष 2024 में विप्रो के कर्मचारियों की संख्या 24,516 कम हो गई। मार्च तिमाही के अंत में विप्रो के कुल कर्मचारियों की संख्या, 2,34,054 थी। यह गिरावट ऐसे समय में आई है, जब आईटी कंपनियां अपने मार्जिन को बढ़ाने के लिए कर्मचारियों के यूटिलाइजेशन को बेहतर बनाने और एट्रिशन रेट को कम करने पर जोर दे रही है। विप्रो का एट्रिशन रेट तिमाही आधार पर 14.2 फीसदी के सपाट रहा। बता दें कि कर्मचारियों के खुद से इस्तीफा देकर कंपनी छोड़ने की दर को एट्रिशन रेट कहते हैं।
