Get App

फ्लिपकार्ट की ऑनलाइन ट्रैवल मार्केट में एंट्री, क्लियरट्रिप में 100% स्टेक लेने का ऐलान

क्लियरट्रिप के अधिग्रहण से फ्लिपकार्ट को ट्रैवल और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में सीधा एंट्री करने का मौका मिलेगा

MoneyControl Newsअपडेटेड Apr 15, 2021 पर 8:33 PM
फ्लिपकार्ट की ऑनलाइन ट्रैवल मार्केट में एंट्री, क्लियरट्रिप में 100% स्टेक लेने का ऐलान

इंडिया की ईकॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट (Flipkart) ने 15 अप्रैल को ऐलान किया वह ऑनलाइन ट्रैवल पोर्टल क्लियरट्रिप (Cleartrip) का अधिग्रहण करने वाली है। फ्लिपकार्ट इस ऑनलाइन ट्रैवल कंपनी की 100 फीसदी हिस्सेदारी लेगी। फ्लिपकार्ट ऑनलाइन ट्रैवल मार्केट में अपनी पहुंच बढ़ाना चाहती है।

मनीकंट्रोल ने सबसे पहले यह खबर दी थी कि फ्लिपकार्ट क्लियरट्रिप को खरीदने की तैयारी में है। 13 अप्रैल को मनीकंट्रोल ने खबर दी थी कि दोनों पार्टियों के बीच पिछले 5 महीनों से बातचीत चल रही है और अगले कुछ दिनों में ही डील फाइनल हो सकता है। 

यह डील ऐसे समय में हुई है जब हॉस्पिटैलिटी सेक्टर कोरोनावायरस संक्रमण की वजह से पस्त हो चुका है। कोरोनावायरस संक्रमण का ट्रैवल और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर पर बुरा असर हुआ है। ऐसे में ट्रैवल बुकिंग प्लेटफॉर्म के लिए कारोबार में बने रहना मुश्किल हो गया है।

क्लियरट्रिप के अधिग्रहण से फ्लिपकार्ट को ट्रैवल और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में सीधा एंट्री करने का मौका मिलेगा। इससे पहले फ्लिपकार्ट मेक माय ट्रिप के साथ पार्टनरशिप में ट्रैवल बुकिंग की सुविधा देती थी।  इस डील से फ्लिपकार्ट को क्लियरट्रिप के जरिए ट्रैवल बुकिंग पेमेंट्स और इंश्योरेंस जैसे फाइनेंशियल सर्विसेज की क्रॉस सेलिंग करने का मौका मिलेगा।

फ्लिपकार्ट ने मेक माय ट्रिप के साथ पार्टनरशिप में 2018 से ट्रैवल बुकिंग सर्विस शुरू की थी। इस डील की जानकारी रखने वाले एक सूत्र ने बताया कि फ्लिपकार्ट का फोकस लगातार ट्रैवल सेगमेंट पर रहा है। फ्लिपकार्ट और क्लियरट्रिप पिछले 5 महीनों से बातचीत कर रही है। अब यह डील अगले 10 दिनों में पूरी हो जाएगी।

सितंबर 2020 में फ्लिपकार्ट ने लिबर्टी जनरल इंश्योरेंस के साथ साझेदारी की थी ताकि फ्लिपकार्ट के प्लेटफॉर्म पर फ्लाइट बुकिंग करने के साथ ट्रैवल इंश्योरेंस भी प्रोवाइड कराया जा सके।

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें। 

सब समाचार

+ और भी पढ़ें