RIL AGM : भारत को दिवाली के मौके पर 5जी सर्विसेज की सौगात मिलना तय हो गया है। रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने ऐलान किया कि रिलायंस जियो खुशियों के इस त्योहार पर मेट्रो शहरों दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और चेन्नई सहित कई प्रमुख शहरों में Jio 5G लॉन्च कर देगी।
रिलायंस इंडस्ट्रीज की एनुअल जनरल मीटिंग में मुकेश अंबानी ने कहा, इसके बाद कंपनी की हर महीने देश में जियो 5जी की पैठ बढ़ाने की योजना है। दिसंबर, 2023 तक कंपनी देश के हर कस्बे, हर तालुका और हर तहसील में Jio 5G को पहुंचा देगी।
3 साल की मेहनत से विकसित हुई 5जी स्टैक
अंबानी ने कहा, “हमने देश में एक एंड टू एंड 5जी स्टैक सर्विस विकसित की है, जो क्वांटम सिक्योरिटी जैसे आधुनिक फीचर्स के सपोर्ट से क्लाउड नेटिव, डिजिटली मैनेज्ड है। इसे हमारे 2,000 से ज्यादा युवा इंजीनियरों द्वारा 3 साल की कड़ी मेहनत से विकसित किया गया है।”
उन्होंने कहा, हमने अपने नेटवर्क में मेड इन इंडिया 5जी स्टैक को पहले लागू कर दिया है। हमारे पास पहले दिन से करोड़ों यूजर्स को सेवाएं देने की पर्याप्त क्षमता है।
गूगल के साथ मिलकर सस्ता स्मार्टफोन विकसित कर रही कंपनी
इससे पहले आकाश अंबानी (Akash Ambani) ने Jio 5G के प्रिजेंटेशन के बाद अपने संबोधन में कहा कि कंपनी भारतीय बाजार के लिए “बेहद किफायती स्मार्टफोन विकसित करने के लिए गूगल के साथ मिलकर काम कर रही है।” उन्होंने कहा, भारत में 5G के आगाज के साथ, वर्तमान में 80 करोड़ कनेक्टेड इंटरनेट डिवाइसेज की संख्या दोगुनी होकर महज एक साल में 150 करोड़ हो जाएगी।
JioAirFiber पर कंपनी ने क्या कहा
RIL के प्रेसिडेंट किरण थॉमस ने कहा, “JioAirFiber के स्तेमाल से कस्टमर एक वर्चुअल PC - Jio Cloud PC का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए कोई अग्रिम इनवेस्टमेंट, कोई अपग्रेड की जरूरत नहीं होगी। यह हर भारतीय घर और बिजनेस में एक पीसी, यहां तक कई पीसी की पावर लाने का बेहद किफायती तरीका है।”