Amit Shah Kashmir Visit: घाटी के पलहे दौरे पर पहुंचे गृह मंत्री, कट्टरवाद और आतंकवाद के खतरे पर मांगा जवाब

शाह ने बड़ी मुठभेड़ों और आतंकवाद विरोधी अभियानों पर भी स्पष्टीकरण मांगा

अपडेटेड Oct 23, 2021 पर 5:21 PM
Story continues below Advertisement

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने कश्मीर घाटी (Kashmir Valley) में आम नागरिकों खासकर गैर-स्थानीय श्रमिकों और अल्पसंख्यकों पर बढ़े हमलों के मद्देनजर शनिवार को घाटी में सुरक्षा हालात और आतंकवाद से निपटने के लिए उठाए गए कदमों की समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि शाह ने यहां राजभवन में हुई बैठक में सुरक्षा हालात का जायजा लिया। इस बैठक में उप राज्यपाल मनोज सिन्हा प्रशासन के टॉप अधिकारी और सेना, CRPF, पुलिस और दूसरी एजेंसियों के वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी भी शामिल हुए।

NDTV के मुताबिक, सुरक्षा एजेंसियों ने शाह को इलाके में भारतीय बलों की भारी तैनात और सरकार की तरफ से आयोजित व्यापक आउटरीच कार्यक्रमों के बावजूद कट्टरपंथ और घरेलू आतंकवाद के खतरों का कारण समझाया। रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया कि शाह ने बड़ी मुठभेड़ों और आतंकवाद विरोधी अभियानों पर भी स्पष्टीकरण मांगा।

उन्होंने बताया कि गृह मंत्री को जम्मू-कश्मीर से आतंकवाद का सफाया करने के लिए उठाए गए कदमों और बलों द्वारा घुसपैठ रोकने के लिए किए गए उपायों के बारे में जानकारी दी गई।

घाटी में इस अक्टूबर महीने में 11 आम नागरिकों की हत्या कर दी गई। इसी को लेकर शाह कश्मीर दौरे पर पहुंचे हैं। मारे गए लोगों में से पांच बिहार के श्रमिक थे, जबकि दो शिक्षकों समेत तीन लोग कश्मीर में अल्पसंख्यक समुदायों से थे।

पांच अगस्त, 2019 को अनुच्छेद 370 को अधिकतर प्रावधान निरस्त किए जाने और जम्मू कश्मीर राज्य को दो केंद्र शासित प्रदेशों में विभाजित करने के बाद शाह की यह पहली कश्मीर यात्रा है। शाह के घाटी दौरे से पहले पूरे कश्मीर में सुरक्षा कड़ी कर दी गई।

अधिकारियों ने बताया कि घाटी में सुरक्षा बलों की अतिरिक्त तैनाती की गई है। उन्होंने बताया कि विशेष रूप से यहां शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि हाल में आम नागरिकों की हत्याओं के मद्देनजर अतिरिक्त अर्द्धसैनिक बलों की 50 कंपनियों को घाटी में तैनात किया जा रहा है।


अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर के कई इलाकों के साथ कश्मीर घाटी के दूसरे हिस्सों में केंद्रीय अर्द्धसैनिक बल (CRPF) के बंकर बनाए गए हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।