आज के समय में डायबिटीज एक आम लेकिन गंभीर स्वास्थ्य समस्या बन गई है, जो न सिर्फ भारत बल्कि दुनियाभर में तेजी से फैल रही है। डायबिटीज के मरीजों के लिए सबसे बड़ी चुनौती होती है अपने ब्लड शुगर लेवल को नियंत्रण में रखना। इसके लिए सही खानपान और जीवनशैली में बदलाव बेहद जरूरी है। जरा सी लापरवाही आपके स्वास्थ्य को गंभीर नुकसान पहुंचा सकती है। खासतौर पर डाइट में कुछ गलत चीजों का शामिल होना ब्लड शुगर को अचानक बढ़ा सकता है। ऐसे में डायबिटीज के मरीजों को अपने भोजन में से कुछ खाद्य पदार्थों को बिल्कुल हटा देना चाहिए या उनका सेवन बहुत सावधानी से करना चाहिए।
सही डाइट अपनाकर और कुछ खास चीजों से दूरी बनाकर ब्लड शुगर को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है। आइए जानते हैं कि किन चीजों से बचना डायबिटीज के मरीजों के लिए फायदेमंद होता है।
1. आइसक्रीम से करें परहेज
आइसक्रीम लगभग सभी को पसंद होती है, लेकिन डायबिटीज के मरीजों के लिए ये नुकसानदेह साबित हो सकती है। आइसक्रीम में शुगर की मात्रा काफी ज्यादा होती है, जो ब्लड शुगर के स्तर को तेजी से बढ़ा सकती है। ऐसे में बेहतर होगा कि डायबिटीज के मरीज आइसक्रीम के सेवोन से बचें।
2. आलू का ज्यादा सेवन न करें
आलू का स्वादिष्ट व्यंजन हर किसी को लुभाता है, मगर डायबिटीज के मरीजों के लिए ये हानिकारक हो सकता है। आलू में मौजूद स्टार्च शरीर में जाकर ग्लूकोज में परिवर्तित होता है, जिससे ब्लड शुगर का स्तर बढ़ सकता है। इसलिए आलू का सेवन सीमित मात्रा में या पूरी तरह से टालना फायदेमंद रहेगा।
3. तले हुए खाने से रखें दूरी
फ्राईड फूड्स यानी तले हुए खाद्य पदार्थों में फैट की मात्रा ज्यादा होती है, जो धीरे-धीरे पचता है। इसकी वजह से ब्लड शुगर में बढ़ोतरी हो सकती है। डायबिटीज के मरीजों को समोसे, पूड़ी, पकौड़े जैसे तले-भुने खाद्य पदार्थों से परहेज करना चाहिए।
4. पैक्ड जूस पीने से बचें
पैक्ड फलों के जूस भले ही हेल्दी लगते हों, लेकिन इनमें फाइबर की मात्रा कम और शुगर की मात्रा ज्यादा होती है। फाइबर की कमी के कारण जूस तेजी से ब्लड शुगर बढ़ाने का काम करता है। डायबिटीज के मरीजों को ताजे फलों का सेवन करना चाहिए, न कि पैक्ड जूस का।
5. मैदा और रिफाइंड आटे से करें किनारा
मैदा और रिफाइंड आटा शरीर में तेजी से टूटकर ग्लूकोज में बदल जाते हैं, जिससे ब्लड शुगर का स्तर बढ़ सकता है। डायबिटीज के मरीजों को मैदा से बने खाद्य पदार्थों जैसे पिज्जा, बर्गर, ब्रेड आदि से दूरी बनानी चाहिए और इनके स्थान पर साबुत अनाज या मल्टीग्रेन विकल्प अपनाने चाहिए।
डिस्क्लेमर: यह लेख सिर्फ सामान्य जानकारी के लिए है। किसी भी तरह से किसी दवा या इलाज का विकल्प नहीं हो सकता। ज्यादा जानकारी के लिए हमेशा अपने डॉक्टर से संपर्क करें।