IMD Rainfall: दिल्ली-NCR में झमाझम बारिश से बदला मौसम का मिजाज, इन राज्यों में भी बरसेंगे बादल

Aaj Ka Mausam: IMD का पूर्वानुमान है कि पूरे एक सप्ताह तक कभी हल्की और कभी तेज बारिश का यह दौर जारी रहेगा। बुधवार (5 जुलाई) शाम को भी दिल्ली के कई इलाकों में मूसलाधार बारिश के बाद लोगों को गर्मी से राहत मिली है। गुरुवार सुबह से ही दिल्ली एनसीआर में तेज बारिश हो रही है। दिल्ली और गुरुग्राम के कई इलाकों में जलभराव की वजह से भारी ट्रैफिक जाम देखने को मिल रहा है

अपडेटेड Jul 06, 2023 पर 1:24 PM
DELHI-NCR WEATHER UPDATE: मौसम विभाग ने दिल्ली सहित पूरे एनसीआर में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है

Delhi-NCR Weather Update: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत पूरे एनसीआर में गुरुवार सुबह से झमाझम बारिश हो रही है। सुबह से ही दिल्ली-NCR में घने बादल छाए हुए हैं और कई जगहों पर बिजली कड़क रही है। मौसम विभाग ने दिल्ली सहित पूरे एनसीआर में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। दिल्ली, नोएडा और गुरुग्राम सहित NCR के अधिकांश इलाकों में बारिश हो रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली समेत आस-पास के इलाकों में गरज और चमक के साथ बारिश होने के कारण तापमान में गिरावट दिखेगी। गुरुवार की सुबह दिल्ली में झमाझम बारिश हुई और मौसम सुहाना हो गया।

IMD का पूर्वानुमान है कि पूरे एक सप्ताह तक कभी हल्की और कभी तेज बारिश का यह दौर जारी रहेगा। बुधवार (5 जुलाई) शाम को भी दिल्ली के कई इलाकों में मूसलाधार बारिश के बाद लोगों को गर्मी से राहत मिली है। गुरुवार सुबह से ही दिल्ली एनसीआर में तेज बारिश हो रही है। दिल्ली और गुरुग्राम के कई इलाकों में जलभराव की वजह से भारी ट्रैफिक जाम देखने को मिल रहा है।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों और दिल्ली-NCR की पूर्वी सीमा पर भी छिटपुट से लेकर तेज बारिश दर्ज की गई है। IMD के मुताबिक, अगले 24 घंटे के दौरान मेरठ, बुलन्दशहर,बागपत, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर में तेज हवाओं के साथ मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। अगले कुछ घंटों में गाजियाबाद, दिल्ली, नोएडा, पानीपत और आसपास के इलाकों में भी भारी बारिश होने की संभावना है।


अन्य राज्यों में मौसम के हाल (IMD Weather Alerts)

केरल

केरल में चार जुलाई की रात से हो रही तेज बारिश के कारण सड़कों पर पानी भर गया है, जिसके चलते जन जीवन ठप हो गया है। इसके अलावा नदियों और बांधों में जल स्तर बढ़ गया है, पेड़ों के उखड़ने से मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं और तटीय क्षेत्रों में कई लोग विस्थापित हुए हैं। बुधवार को तेज बारिश जारी रहने के कारण मौसम विभाग ने इडुक्की जिले के लिए 'रेड अलर्ट' और कोल्लम और तिरुवनंतपुरम को छोड़कर राज्य के शेष जिलों में 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। 11 जिलों में शैक्षणिक संस्थानों में छुट्टी घोषित कर दी गई है।

IMD के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक अगले कुछ दिन में बारिश की तीव्रता कम होने का अनुमान है। इसके बावजूद मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए राज्य के छह जिलों में 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। बुधवार को तेज बारिश के कारण राज्य के कई हिस्सों में पेड़ उखड़ गए, जिससे कई मकान और वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, बिजली की तारें टूट गईं और घंटों तक यातायात बाधित रहा। पथनमथिट्टा जिले में 130 साल से अधिक पुराना सीएसआई गिरजाघर भारी बारिश में नष्ट हो गया और त्रिशूर जिले के कुछ इलाकों में अचानक आई आंधी से बड़े पेड़ गिर गए और बिजली की तारें टूट गईं।

कर्नाटक

अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि दक्षिण कन्नड़ और उडुपी में बारिश की वजह से हुई अलग-अलग दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने तटीय कर्नाटक के सभी तीन जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। दक्षिण कन्नड़ और उडुपी जिला प्रशासन ने स्कूल और कॉलेजों की 5 जुलाई को छुट्टी की घोषणा की थी।

गोवा

IMD द्वारा गुरुवार को गोवा में भारी बारिश की भविष्यवाणी की गई है। वहीं, राज्य शिक्षा विभाग ने स्कूलों में एक दिन की छुट्टी की घोषणा की है। एक अधिकारी ने बताया कि कक्षा I से XII तक 6 जुलाई 2023 को छुट्टी घोषित करने का निर्णय लिया है। मौसम विभाग ने बताया कि गोवा के कई इलाकों में भारी बारिश की भविष्यवाणी करते हुए जारी किए गए अलर्ट जारी किया है।

हरियाणा

मौसम विभाग की रिपोर्ट में कहा गया है कि बुधवार को हरियाणा के हिसार में 9 मिमी, अंबाला में 8 मिमी, सिरसा में 2 मिमी और करनाल में 1 मिमी बारिश हुई। IMD ने अगले 24 घंटे के दौरान हरियाणा के कई इलाकों में मूसलाधार बारिश होने की भविष्यवाणी की है।

ये भी पढ़ें- शरद पवार का आज दिल्ली में शक्ति प्रदर्शन, NCP दफ्तर से अजित पवार के पोस्टर हटाए गए

पंजाब

बुधवार को लुधियाना में लुधियाना-मलेरकोटला रोड पर डेहलों इलाके के पास भारी बारिश के बाद एक फैक्ट्री का शेड गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए। मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, पंजाब में लुधियाना में 103 मिमी, फिरोजपुर में 40.5 मिमी, गुरदासपुर में 33.5, पटियाला में 21 मिमी, अमृतसर में 17 मिमी और पठानकोट में 9.2 मिमी बारिश हुई है। IMD के मुताबिक, पंजाब और चंडीगढ़ में भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है।

मुंबई

मौसम विभाग ने गुरुवार को देश की वित्तीय राजधानी मुंबई और उसके उपनगरों में भारी बारिश की भविष्यवाणी की है। कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। IMD ने मुंबई के लिए 'ऑरेंज' अलर्ट जारी किया है, जबकि रायगढ़ के लिए 'रेड' अलर्ट जारी किया गया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।