Weather Forecast: देश के विभिन्न हिस्सों में गुरुवार को भारी बारिश हुई, जिसके कारण मौसम विभाग (Weather Department) को कुछ राज्यों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी करना पड़ा। अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सुबह भारी बारिश (Rain Alert) के कारण कई इलाकों में जलभराव हो गया और ट्रैफिक जाम हो गया। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में रात भर मध्यम से भारी बारिश हुई। मौसम विभाग ने शहर में और भारी बारिश की भविष्यवाणी करते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। गोवा में पिछले 24 घंटे में भारी से बहुत भारी बारिश हुई जिसके कारण एक महिला बाढ़ के पानी में बह गई, जबकि तटीय राज्य के निचले इलाकों में कई घर जलमग्न हो गए।
आज का मौसम (Aaj Ka Mausam)
इंडियन मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) ने आज यानी 7 जुलाई को देश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की भविष्यवाणी की है। मौसम विभाग ने अपनी आधिकारिक अधिसूचना में कहा है कि गुजरात के कई इलाकों में आज भारी मानसूनी बारिश होने की संभावना है। IMD के अनुसार, केरल के तिरुवनंतपुरम में आज बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कन्नूर, कोट्टायम, कासरगोड, कोझिकोड और पथानामथिट्टा में आज शिक्षण संस्थानों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। आज के लिए केरल के मलप्पुरम, कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर, कासरगोड जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
इन राज्यों में भी चेतावनी
IMD ने देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मुंबई के अलावा महाराष्ट्र के ठाणे, सिंधुदुर्ग, नासिक, कोल्हापुर, अकोला, अमरावत, भंडारा, बुलढाणा, चंद्रपुर, गढ़चिरौली, गोंदिया, वर्धा, वाशिम और यवतमाल जिलों में भी आज के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम कार्यालय ने भविष्यवाणी की है कि अगले चार दिनों के दौरान दिल्ली में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। गुरुवार तड़के दिल्ली के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जिससे राष्ट्रीय राजधानी के कई इलाकों में जलभराव हो गया। उत्तर, उत्तर-पूर्व और पूर्वी दिल्ली और गाजियाबाद और लोनी में मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई।
राजस्थान में मानसून की सक्रियता के चलते आगामी दिनों में पूर्वी हिस्सों के अधिकांश भागों और पश्चिमी हिस्सों के बीकानेर और जोधपुर संभाग के अधिकांश भागों में हल्की से मध्यम दर्जे की और कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने राज्य के पूर्वी भाग के अधिकांश हिस्सों और पश्चिमी भाग के बीकानेर और जोधपुर संभाग में आगामी चार पांच दिनों में हल्की से मध्यम बारिश, जबकि कहीं-कहीं भारी बारिश एवं एक दो स्थानों पर अति भारी बारिश होने की प्रबल संभावना जताई है।
IMD के अनुसार पिछले 24 घंटों में राज्य के कुछ भागों में हल्की से मध्यम बारिश, जबकि करौली जिले में कहीं कहीं मूसलाधार बारिश एवं बांसवाड़ा, भरतपुर, डूंगरपुर और जयपुर जिले में कहीं कहीं भारी बारिश दर्ज की गई।
- मौसम विभाग के मुतबिक, इस वीकेंड के दौरान दक्षिण भारत को तमाम क्षेत्रों में हल्की से व्यापक बारिश के साथ छिटपुट और भारी बारिश जारी रहने की संभावना है।
-12 जुलाई तक गुजरात में हल्की से मध्यम और कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश जारी रहने की संभावना है। 8 जुलाई को सौराष्ट्र और कच्छ में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की भी संभावना है।
उत्तर पश्चिम भारत और मध्य भारत
-12 जुलाई तक उत्तराखंड और पूर्वी राजस्थान में अलग-अलग स्थानों पर बहुत भारी बारिश होने की भी संभावना है।
- 12 जुलाई तक उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, असम और मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड और मणिपुर में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।
- वीकेंड के दौरान ओडिशा और बिहार में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। जबकि 7 जुलाई को झारखंड में बारिश होने की संभावना है।