चिलचिलाती गर्मी से दिल्लीवालों को मिलेगी राहत! आज इन राज्यों में होगी झमाझम बारिश, जानें आपके राज्य में कैसा रहेगा मौसम

उत्तर-पश्चिम भारत में 24 मई की शाम से 26 मई तक गरज के साथ बारिश, बिजली गिरने और कभी-कभार तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसके अलावा उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, और दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में 24 से 25 मई के बीच 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी/तेज हवा चलने की आशंका है

अपडेटेड May 24, 2023 पर 11:03 AM
आंधी और तेज हवाओं के साथ आज देश के कई राज्यो में हल्की बारिश होने की संभावना है

Aaj ka Mausam: दिल्लीवासियों को जल्द ही चिलचिलाती गर्मी से राहत मिल सकती है। इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) ने भविष्यवाणी की है कि वेस्टर्न डिस्टर्बेंस में बदलाव के कारण आज यानी बुधवार दोपहर या शाम को आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। इस दौरान आंधी और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। बता दें कि अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किए जाने के बाद दिल्ली सहित देश के कुछ अन्य हिस्से भीषण गर्मी की चपेट में है।

हालांकि, दिल्लीवासियों को बुधवार शाम को 48 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली धूल भरी हवाओं और आसमान में छाए बादलों ने उमस भरी गर्मी से थोड़ी राहत दी। मौसम विभाग ने बताया कि बुधवार दोपहर या शाम को बादल छाए रहेंगे और इस दौरान आंधी एवं हल्की बारिश होने की संभावना है।

अधिकारियों ने कहा कि गर्मी के मौसम में दिल्ली में बिजली की मांग मंगलवार को बढ़कर 6,916 मेगावाट हो गई, जो इस सीजन में अब तक की सबसे अधिक मांग है। उन्होंने कहा कि शहर में पिछली गर्मियों में बिजली की अधिकतम मांग 7,695 मेगावाट दर्ज की गई थी और इस साल यह 8,100 मेगावाट तक पहुंच सकती है।


दिल्ली के इन इलाकों में भीषण गर्मी

नजफगढ़ (46.7 डिग्री सेल्सियस) सहित कुछ स्थानों पर अधिकतम तापमान मंगलवार को लगातार दूसरे दिन 46 डिग्री के स्तर को पार कर गया। दिल्ली के प्रमुख मौसम केंद्र सफदरजंग वेधशाला ने अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक है।

मध्य दिल्ली के रिज क्षेत्र में पारा 45.1 डिग्री, जाफरपुर में 45.2 डिग्री, नरेला में 45.2 डिग्री, पीतमपुरा में 46.1 डिग्री, पूसा में 45.7 डिग्री और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 46.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने की चेतावनी

IMD ने कहा कि पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र पर सक्रिय एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस बुधवार को उत्तर-पश्चिमी मैदानी इलाकों में बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाएं लाएगा। इसके परिणामस्वरूप, गुरुवार तक अधिकतम तापमान कम होकर 36 डिग्री सेल्सियस तक आ जाएगा। इस महीने की शुरुआत में, मौसम कार्यालय ने मई में उत्तर-पश्चिम भारत में सामान्य से कम अधिकतम तापमान और कम लू वाले दिनों की भविष्यवाणी की थी। मौसम विभाग द्वारा दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगमन में थोड़ी देरी की आशंका के साथ अधिकतम तापमान लंबे समय तक सामान्य से ऊपर रहने की संभावना है।

अन्य राज्यों का हाल

IMD ने भारी बारिश की भविष्यवाणी के बीच 26 मई तक कई भारतीय राज्यों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने कहा कि 24 मई को हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, उत्तराखंड, पंजाब और दक्षिण हरियाणा में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। IMD ने यह भी कहा कि 24 मई को हिमाचल प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में अलग-अलग स्थानों पर ओलावृष्टि की आशंका है। भयंकर लू के कारण महाराष्ट्र, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में स्कूल बंद कर दिए गए हैं।

IMD ऑरेंज अलर्ट

- उत्तर-पश्चिम भारत में 24 मई की शाम से 26 मई तक गरज के साथ बारिश, बिजली गिरने और कभी-कभार तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसके अलावा उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, और दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में 24 से 25 मई के बीच 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी/तेज हवा चलने की आशंका है।

- 24 और 25 मई को बिहार के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। जबकि केरल में 25, 26 और 27 मई को भारी बारिश का अनुमान है। 24 से 26 मई तक नागालैंड, मिजोरम, त्रिपुरा और मणिपुर में भी भारी बारिश होने की संभावना है।

- 24 मई को असम और मेघालय में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। असम और मेघालय के कुछ हिस्सों में भी 25 और 26 मई को भारी बारिश हो सकती है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों में 24 मई को तेज हवाएं चलने की आशंका है।

ये भी पढ़ें- पीएम मोदी ने एंथनी अल्बनीज के साथ बातचीत में उठाया ऑस्ट्रेलिया में मंदिरों पर हमलों का मुद्दा

- उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में 24 और 25 मई को 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। 24 मई को हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि की भविष्यवाणी की गई है। उत्तरी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में 24 और 25 मई को ओलावृष्टि हो सकती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।