Rain Alert: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली (Delhi Rainfall) में बुधवार को सुबह भी बारिश हुई। साथ ही मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी कर बारिश के कारण ट्रैफिक बाधित होने और निचले इलाकों में पानी भरने को लेकर आगाह किया है। मौसम विभाग के अनुसार, 24 घंटे के दौरान दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ ही हल्की बारिश होने या गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार, दिल्ली में बुधवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से छह डिग्री कम, 20.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान के 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
दिल्ली में हल्की से मध्यम बारिश के बाद कुछ इलाकों में पानी भरने की शिकायत भी मिली। पिछले कुछ दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण मई के महीने में लोगों को ठंड का अहसास हो रहा है। मई को दिल्ली के लिए सबसे गर्म महीना माना जाता है। लेकिन इस साल मौसम में अजीबोगरीब बदलाव देखने को मिल रहा है।
राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार शाम को 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी आई और बारिश हुई, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और कई उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा। IMD ने कहा कि अगले कुछ दिनों तक दिल्ली सहित उत्तरी मैदानी इलाकों में तूफान और बारिश जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, अधिकतम तापमान 5 जून तक 40 डिग्री के निशान से नीचे रहने का अनुमान है।
IMD ने लगातार दो दिनों तक बेंगलुरु (Bengaluru Rains) और कर्नाटक के 10 अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के बेंगलुरू मंडल के अनुसार, कुछ क्षेत्रों में सबवे के जलमग्न होने, मामूली ट्रैफिक जाम भीड़ और पेड़ गिरने की आशंका है। यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी जाती है। जिन जिलो में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है कि उनमें बेंगलुरु शहरी, बेंगलुरु ग्रामीण, चिकबलपुर, कोलार, मंड्या, तुमकुरु, हसन, मैसूर, चामराजनगर, कोडागू और दक्षिण कन्नड़ शामिल हैं।
बेंगलुरु में कई घंटों की भारी बारिश के बाद मंगलवार रात साढ़े 10 बजे बारिश थम गई। हालांकि, एक बार फिर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मंगलवार शाम 5:30 बजे तक बेंगलुरु में कुल 19 मिमी बारिश हो चुकी थी। बेलंदूर जैसे क्षेत्रों में जलभराव देखने को मिला। रिपोर्टों के मुताबिक सांके रोड और लिंगराजपुरम के पास अंडरपास में मंगलवार शाम जलभराव हो गया था।
मौसम विभाग ने बारिश के कारण संभावित जलभराव, यातायात बाधित होने और बिजली कटौती की चेतावनी दी है। IMD ने कहा है कि लोगों को इस दौरान सावधानी बरतने और सुरक्षित रहने की सलाह दी जाती है। भारी बारिश के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने के सुझाव दिए गए हैं।