स्वीडन (Sweden) में एक कथित रूसी 'जासूस' बेलुगा व्हेल (Beluga whale) इन दिनों सुर्खियों में है। स्वीडन के तट (Sweden coast) पर एक बार फिर से बेलुगा व्हेल को देखा गया है। इस व्हेल को रूसी नौसेना की ओर से जासूस के रूप में ट्रेंड किए जाने की अटकलें लगाई जा रही है। चार साल पहले इस व्हेल को अप्रैल 2019 में उत्तरी नॉर्वे (Northern Norway) के पास देखा गया था। अब एक बार फिर इस व्हेल को स्वीडन के तट पर देखा गया है। अंदेशा जताया जा रहा है कि इस व्हेल को रूसी नौसेना ने जासूसी करने के लिए ट्रेनिंग देकर समुद्र में छोड़ा है। इसके जासूस के रूप में ट्रेंड करने की एक बड़ी वजह यह मानी गई कि इसने मानव निर्मित साज सज्जा (Man-Made Harness) की हुई थी। इसकी वजह से ही जासूसी के लिए ट्रेनिंग देने की अटकलें तेज हो गई थीं।
रिपोर्ट के मुताबिक, करीब 20 फीट लंबी इस व्हेल की औसत उम्र 50 से 60 साल के आस-पास होती है। आमतौर पर ये व्हेल ग्रीनलैंड, उत्तरी नॉर्वे और रूस के आसपास के बर्फीले पानी में पाई जाती हैं। खबरों के मुताबिक, उस व्हेल के संपर्क में आए एक मछुआरे ने मीडिया को बताया था कि उसके गले में एक किस्म का पट्टा बंधा था। व्हेल की निगरानी करने वालों के मुताबिक, ये तीन साल से ज्यादा समय तक नॉर्वे की तटरेखा के ऊपरी आधे हिस्से में धीमी रफ्तार से बढ़ती रही। फिर हालिया महीनों में एकाएक उसने रफ्तार बढ़ा ली और तेजी से बाकी की तटरेखा से गुजरते हुए स्वीडन में दस्तक दी।
अंग्रेजी अखबार द गार्जियन की एक खबर के मुताबिक, 28 मई को रूसी 'जासूस' बेलुगा को स्वीडन के दक्षिण-पश्चिमी किनारे पर देखा गया। इस व्हेल की उम्र करीब 13 से 14 साल बताई जा रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, अभी व्हेल उम्र के जिस दौर में है, उसमें हॉर्मोन्स का स्तर बहुत ज्यादा होता है। हालांकि इसकी मौजूदा जगह से सबसे नजदीकी बेलुगा आबादी नॉर्वे के सुदूर उत्तरी हिस्से में है। माना जा रहा है कि अप्रैल 2019 में नॉर्वे आने के बाद इसकी एक भी बेलुगा से मुलाकात नहीं हुई है।
नार्वे के समुद्री इलाके में उसे मछलियों की अच्छी डोज मिल रही थी। लेकिन अब स्वीडन में खाने की तलाश मुश्किल हो सकती है। रिपोर्ट के मुताबिक, उसका वजन थोड़ा कम हो गया है। बेलुगा का आकार करीब 20 फुट के आसपास हो सकता है। वे औसतन 50 से 60 साल तक जीते हैं।
व्हेल के अजीब बर्ताव से उसपर शक हुआ। जैसे वह जहाजों की तलाश में रहती थी। नावों के किनारे बंधी रस्सियों को अक्सर खींचने की कोशिश करती रहती थी। लोगों ने बताया कि व्हेल को देखकर लगता था कि उसे इंसानों की मौजूदगी की आदत हो गई है। खासतौर पर उसके गले में बंधे पट्टे से आशंका उपजी कि उसमें कैमरा जैसी चीज हो सकती है। वनव्हेल ऑर्गेनाइजेशन से जुड़े एक समुद्री जीव विज्ञानी सबैस्टियन स्ट्रैंड अखबार से बात करते कहा कि हम नहीं जानते कि वो व्हेल इतनी तेजी से क्यों बढ़ रही है। ये इसलिए भी हैरान करने वाला है क्योंकि व्हेल अपने कुदरती माहौल से दूर जा रही है।
स्ट्रैंड इस व्हेल के इतने तेजी से आगे बढ़ने की संभावित वजह बताते हुए कहा कि ये उसके हार्मोन की वजह से हो सकता है। हो सकता है वह अपना कोई पार्टनर तलाशने की कोशिश में हो। चूंकि बेलुगा बहुत सामाजिक प्रजाति है, इसलिए ये भी हो सकता है कि वो अकेली है और अपनी साथी बेलुगा व्हेलों से मिलना चाहती हो।