Aaj Ka Mausam: इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) ने कहा है कि भारत के अधिकांश हिस्सों में आज यानी 23 मई से लू (Heatwave) की स्थिति में कमी आने की संभावना है। बता दें कि दिल्ली-NCR और यूपी सहित देश के कई राज्यों में भीषण गर्मी का कहर जारी है। IMD ने 22 मई तक के लिए दक्षिण हरियाणा, दिल्ली, दक्षिण उत्तर प्रदेश, उत्तर मध्य प्रदेश, झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल में हीटवेव अलर्ट जारी किया था। हालांकि इन राज्यों में आज हल्की बारिश (Rainfall) की उम्मीद जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में 23 मई यानी आज आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे। शाम के वक्त हल्की बारिश हो सकती है। इसके अलावा 24 से 28 मई के दौरान बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना भी जताई गई है। 23 से 28 मई के बीच अधिकतम तापमान 43 तो वहीं न्यूनतम तापमान 23 डिग्री तक जा सकता है।
राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार को लू की स्थिति बनी रहने के साथ ही अधिकतम तापमान के 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के आसार हैं। हालांकि, IMD ने दिन में शहर में हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने का पूर्वानुमान भी जताया है। दिल्ली में पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। सोमवार को शहर के कुछ हिस्सों में पारा 46 डिग्री तक पहुंच गया था।
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में मंगलवार सुबह न्यूनतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्स से तीन डिग्री अधिक है। IMD के मुताबिक, मंगलवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान के 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। वहीं, दिन में आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने के आसार हैं।
IMD के अनुसार, दिल्लीवासियों को बुधवार को बारिश होने के बाद ही गर्मी से कुछ राहत मिलने की संभावना है। दिल्ली में सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 43.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। यह इस साल का अभी तक का सर्वाधिक तापमान है।
मौसम विभाग के मुताबिक, मैदानी इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जाने या सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस अधिक होने पर चलने वाली गर्म हवाओं को ‘लू’ घोषित किया जाता है। वहीं, तापमान के सामान्य से 6.4 डिग्री अधिक होने पर ‘भीषण लू’ की घोषणा की जाती है।
मौसम विभाग ने बताया कि 23 से 25 मई के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में बारिश होने की आशंका है। IMD के मुताबिक, 24 और 25 मई को उत्तराखंड में ओलावृष्टि, तेज हवाओं और बिजली गिरने की साथ बारिश होने के आसार है। हिमाचल प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में 23 और 24 मई को तेज हवाओं के साथ आंधी आने, बिजली चमकने और ओले गिरने की आशंका है। IMD ने राज्य के 10 जिलों में इसके लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। साथ ही मौसम विभाग ने 25 और 26 मई को राज्य के अलग-अलग स्थानों पर आंधी आने और बिजली चमकने को लेकर ‘येलो अलर्ट’ भी जारी किया है।
मौसम विभाग कार्यालय ने कहा कि 23 मई से राज्य में अगले तीन से चार दिनों तक व्यापक बारिश होगी। मौसम विभाग ने चंबा, कांगड़ा, शिमला, कुल्लू, मंडी, सोलन और सिरमौर जिलों में भारी बारिश और ओलावृष्टि की आशंका व्यक्त की है। विभाग ने किसानों को फसलों पर ओला-रोधी जाल का उपयोग करने की सलाह दी है। साथ ही विभाग की तरफ से सलाह दी गई है कि वे फसलों पर कीटनाशकों के छिड़काव के समय में बदलाव करें।
IMD के मुताबिक, चंबा, लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कांगड़ा और कुल्लू जिलों के ऊंचाई वाले इलाकों में भी हल्की से मध्यम स्तर की बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। मौसम विभाग ने कहा कि अगले चार से पांच दिनों तक औसत न्यूनतम तापमान सामान्य 4 से 5 डिग्री सेल्सियस कम रहने की उम्मीद है।
यूपी में भीषण गर्मी की चेतावनी
इस सप्ताह दक्षिण हरियाणा, उत्तर प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों, पश्चिमी राजस्थान, पूर्वी मध्य प्रदेश और गंगीय पश्चिम बंगाल में भीषण गर्मी पड़ने और लू चलने की आशंका है। 26 मई तक के लिए यूपी के बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर में लू का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
बिहार के कई हिस्सों में अगले तीन-चार दिनों में गरज और बिजली गिरने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। IMD के पटना केंद्र द्वारा सोमवार को यहां जारी एक बयान के अनुसार 26 मई तक अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ ओलावृष्टि की संभावना को लेकर ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है। इस दौरान 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी आशंका है। IMD ने बताया कि इस सप्ताह झारखंड में भी ऐसी ही स्थिति रहेगी।
मौसम विभाग के इस पूर्वानुमान से चिलचिलाती गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है क्योंकि आगामी दिनों में अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री की कमी आने की संभावना है। बता दें कि बिहार के कई जिले इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में हैं। बिहार में सोमवार को पांच स्थानों पर अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा जबकि राज्य में सबसे अधिक तापमान 43.1 डिग्री सेल्सियस औरंगाबाद जिले में दर्ज किया गया।